गणपति विसर्जन में 11 बच्चे पानी में बहे, चार की मौत

 27 Sep 2023  168

संवाददाता/in24 न्यूज़.
गणेशोत्सव के दौरान मध्यप्रदेश के दतिया जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शहर से कुछ दूर स्थित बिड़निया गांव में शाम को कुछ बच्चे प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। वहां पर 11 बच्चे पानी से भरे गड्ढे की गहराई में डूबने लगे। छह बच्चों को वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया, लेकिन चार को नहीं बचाया जा सका और उनकी मौत हो गई। जबकि एक की तलाश अभी जारी है। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बच्चों की उम्र 12 से 16 साल के बीच है। इनकी पहचान अंश, प्रतिज्ञा, कृष्णा और आस्था के रूप में हुई है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को नियमों के अनुरूप आर्थिक सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। शहर की सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृत बच्चों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। बता दें कि मृतक बच्चों के घर में कोहराम मचा हुआ है।