Breaking News

एक जनवरी 2024 तक राम मंदिर बनकर तैयार होगा : अमित शाह

06 Jan, 2023 679

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राम मंदिर (Ram Mandir) एक जनवरी, 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। अमित शाह (Amit Shah) ने त्रिपुरा (Tripura) में भाजपा की आठ दिवसीय ‘रथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाते हुए यह बात कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। शाह ने लोगों से अयोध्या जाने के लिए अपने टिकट बुक करने का भी आग्रह किया, जहां अगले साल एक जनवरी तक राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। त्रिपुरा में माकपा के नेतृत्व वाली वाम मोर्चा सरकार के दौरान घोर कुशासन का आरोप लगाते हुए अमित शाह ने कहा कि हर पहलू के लिए लोगों को माकपा नेताओं के पास जाना पड़ता था, क्योंकि पूरे वाम मोर्चा सरकार का प्रशासन वामपंथी कार्यकर्ताओं द्वारा नियंत्रित था। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा (Manik Saha) का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने त्रिपुरा को एचआईआरए (हाईवे, आई-वे, रेलवे और एयरवे) का वादा किया है, लेकिन राज्य के लोगों को माणिक (Gemstone) भी मिला। त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव की घोषणा से कुछ सप्ताह पहले सत्तारूढ़ भाजपा ने पूरे त्रिपुरा में रथ यात्रा शुरू की। राज्य के सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने वाले 1,000 किलोमीटर के मार्ग को पार करने के बाद आठ दिवसीय यात्रा 12 जनवरी को अगरतला में समाप्त होगी, जहां मेगा सार्वजनिक रैली आयोजित की जाएगी, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा संबोधित करेंगे। त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा कि जन विश्वास यात्रा नाम की रथ यात्रा पूरे राज्य में करीब 10 लाख लोगों से जुड़ने के पार्टी के मिशन का हिस्सा है। भट्टाचार्जी ने मीडिया को बताया, गुरुवार को दो रथ दक्षिण त्रिपुरा और उत्तरी त्रिपुरा जिलों से चले हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और कई केंद्रीय और राज्य नेताओं ने रथ यात्रा में भाग लिया। शाह ने कहा कि पूरी दुनिया से कम्युनिस्ट पार्टियों का खात्मा कर दिया गया है और भारत में कांग्रेस का खात्मा कर दिया गया है। उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर और दक्षिणी त्रिपुरा के सबरूम से भाजपा की रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शाह ने दो अलग-अलग रैलियों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर हमेशा भारत के साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में प्रवेश किया और आतंकवादियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की। बता दें कि मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये पाकिस्तान को पहले ही अपनी शक्ति दिखा चुकी है।

अन्य खबरे