नए नियम नहीं मानने से 15 मई से बंद हो जाएगा व्हाट्सऐप

 04 May 2021  876
संवाददाता/in24 न्यूज़.

आज व्हाट्सऐप लोगों की ज़रूरत बन गया है। मगर इस  साल की शुरुआत से ही अपनी प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर व्हाट्सऐप की किरकिरी हो रही है। व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी पहले आठ फरवरी से लागू होने वाली थी, लेकिन इसी महीने 15 मई 2021 को प्राइवेसी पॉलिसी लागू हो रही है। विवाद के बाद व्हाट्सऐप ने प्राइवेसी पॉलिसी को तीन महीने के लिए टाल दिया था। प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर व्हाट्सऐप अपने यूजर्स को लगातार नोटिफिकेशन दे रहा है, यानी व्हाट्सऐप की प्राइवेसी पॉलिसी को आपको 15 मई 2021 से पहले स्वीकार करना होगा। इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप अपनी प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है। अब व्हाट्सऐप ने नई पॉलिसी तैयार की है, जिसमें आपको 15 मई तक व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी को मंजूर करना होगा। कंपनी ने इससे जुड़ी नई गाइडलाइंस तैयार कर ली हैं। पिछली बार हुए विवाद को देखते हुए कंपनी इस बार पूरी सावधानी बरत रही है। व्हाट्सऐप की ओर से नई प्राइवेसी पॉलिसी की मंजूरी को लेकर डेडलाइन भी तय कर दी गई है। आपको 15 मई तक नई प्राइवेसी पॉलिसी को मंजूर करना होगा, नहीं तो आपका व्हाट्सऐप अकाउंट बंद हो सकता है। अब सवाल यह उठता है कि अगर आप व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी को स्वीकार नहीं करते हैं तो क्या होगा? यूजर्स 15 मई के बाद भी प्राइवेसी पॉलिसी को एक्सेप्ट कर पाएंगे। इसके लिए कंपनी की ओर से इनऐक्टिव यूजर्स पॉलिसी लागू होगी। अगर आपने पॉलिसी एक्सेप्ट नहीं की, तो कंपनी आपकी पूरी मैसेज हिस्ट्री को परमानेंट डिलीट कर देगी। इसका मतलब आपके मैसेज डिलीट होने के बाद वापस नहीं आ पाएंगे। इसके अलावा, अगर आपने व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी को मंजूर नहीं किया, तो आपको एक तय समय के बाद सभी व्हाट्सऐप ग्रुप से हटा दिया जाएगा। व्हाट्सऐप की नई पॉलिसी को लेकर लोगों के मन में डर है। लोगों को इस बात का खतरा है कि कहीं व्हाट्सऐप पर शेयर किया गया हमारा डेटा लीक न हो जाए या उसका कोई गलत इस्तेमाल न कर ले। कंपनी ने इस बारे में यूजर्स को पूरी तरह संतुष्ट करने की कोशिश की है। व्हाट्सऐप का कहना है कि यूजर्स की निजता के अधिकार का पूरा ध्यान रखा गया है। बिना यूजर की सहमति के उसका डेटा किसी को भी नहीं दिया जाएगा। यही नहीं, लोगों की पर्सनल चैट एनक्रिप्टेड फॉर्म में ही रहेगी। इसका मतलब आपकी चैट को कोई नहीं देख पाएगा, यहां तक कि फेसबुक भी नहीं। बता दें कि नए नियमों के साथ व्हाट्सऐप गंभीर है।