लंपी बीमारी की चपेट में आए महाराष्ट्र के मवेशी

 23 Sep 2022  319
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लंपी (lumpy) बीमारी का खतरा महाराष्ट्र में भी बढ़ रहा है। इस बीमारी से मुंबई और ठाणे में भी जानवर संक्रमित हो रहे हैं। केवल ठाणे जिले में इस बीमारी से संक्रमित जानवरों की संख्या सौ को पार कर गई है और चार की मौत हुई है। मुंबई और ठाणे में इस बीमारी से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। मुंबई में पुलिस ने जानवरों की प्रदर्शनी और मेलों पर रोक लगा दी है। ठाणे जिला पशुपालन विभाग ने कई उपाय योजना बनाई है। ठाणे जिले के शाहपुर, अंबरनाथ, कल्याण, भिवंडी के बाद ठाणे शहर के मुंब्रा क्षेत्र में भी यह बीमारी पैर पसार रही है। जिले में इस बीमारी से प्रभावित पशुओं की संख्या सीधे 103 हो गई है। इस बीमारी से मरने वाले जानवरों की संख्या भी बढ रही है। ठाणे जिला पशु कल्याण विभाग के अनुसार जिस स्थान पर संक्रमित जानवर पाए जाते हैं, वहां से पांच किलोमीटर की दूरी तक सभी पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। भिवंडी, बदलापुर, शाहपुर, मुरबाड के प्रभावित क्षेत्रों में 19 हजार 614 पशुओं में से 17 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि अभी भी इस बीमारी का खतरा बरक़रार है।