ब्लैक फंगस के बाद अब येलो फंगस का ख़तरा

 24 May 2021  940

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कोरोना महामारी और इसके संकट के बीच ब्लैक फंगस का नाम सामने आया और इससे लोगों की जान भी गई. बाद में वाइट फंगस का भी मामला सामने आया। इसी कड़ी में अब देश में येलो फंगस का मामला सामने आया है। यह केस उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मिला है। डॉक्टरों की मानें तो यह येलो फंगस, ब्लैक और वाइट फंगस से कहीं ज्यादा खतरनाक है। डॉक्टर ने बताया कि यह पहली बार है जब यह किसी इंसान में मिला है। येलो फंगस जिस मरीज में मिला है, उसकी उम्र 45 साल की है। वह कुछ दिनों पहले ही कोरोना से ठीक हुआ है। मरीज डायबटिक भी है। यह मरीज गाजियाबाद के ईएनटी सर्जन को दिखाने पहुंचा था। डॉक्टर ने जांच के दौरान पाया कि उसे येलो फंगस है। अगर इसके लक्षणों की बात करें तो जिस मरीज में यह पाया गया उसे भूख कम लग रही थी और उसका वजन भी कम हो रहा था। उसे कम धुंधला दिखने की प्रॉब्लम भी थी। सीटी स्कैन से फंगस के बारे में पता नहीं चला। जब मरीज का नेजल इंडोस्कोपी किया गया तब पता चला कि उसे ब्लैक, वाइट और यैलो तीनो ही फंगस थे। यैलो फंगस एक घातक बीमारी है क्योंकि यह आंतरिक रूप से शुरू होता है और इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि आप किसी भी लक्षण को नोटिस करते ही चिकित्सा उपचार करें। इसका एकमात्र इलाज इंजेक्शन अम्फोटेरिकिन बी है जो एक ब्रॉड स्पेक्ट्रम एंटीफ़ंगल है। आस-पास गंदगी का होना येलो फंगस का मुख्य कारण बताया जा रहा है। अपने घर के आस पास के बाड़े को साफ़ करना, इसे यथासंभव स्वच्छ रखना, और बैक्टीरिया और फंगस के विकास को रोकने में मदद करने के लिए पुराने खाद्य पदार्थों को जल्द से जल्द हटाना बहुत महत्वपूर्ण है वर्ना येलो फंगस का सामना करना पड़ सकता है।