जाना था पटना इंडिगो ने उदयपुर पहुंचा दिया

 04 Feb 2023  238

संवाददाता/in24 न्यूज़.
लापरवाही का एक अनोखा मामला इंडिगो एयरलाइंस (Indigo Airlines) से सामने आया है। इंडिगो ने एक यात्री को पटना की जगह उदयपुर पहुंचा दिया। उदयपुर पहुंचने के बाद यात्री असलियत का पता चला। ऐसी घटना पहले भी कई बार सामने आ चुकी है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली से पटना के लिए निकले यात्री को इंडिगो ने उदयपुर पहुंचा दिया। यात्री की शिकायत के बाद एयरलाइंस को जब अपनी गलती का एहसास हुआ तो उसे वापस दूसरे दिन पटना के लिए रवाना किया गया। वहीं यात्री ने इसकी शिकायत डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से की है। DGCA ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उधर, यात्री की शिकायत के बाद DGCA ने एयरलाइंस कंपनी से जवाब मांगा है। बोर्डिंग से पहले बोर्डिंग पास को नियमानुसार दो बिंदुओं पर चेक किया जाता है तो वह गलत फ्लाइट में कैसे चढ़ गया। यह बात प्रश्न चिन्ह की तरह है। यह घटना 30 जनवरी, 2023 की है। DGCA के अधिकारी ने बताया कि यात्री का नाम अफसर हुसैन है। हुसैन ने इंडिगो की फ्लाइट 6E-214 में पटना के लिए टिकट बुक की थी। हुसैन अपनी फ्लाइट के तय समय पर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गए, लेकिन गलती से उन्हें फ्लाइट नंबर 6E-319 में बैठा दिया गया, जो उदयपुर जा रही थी। यात्री जब उदयपुर पहुंचा तो उसे अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद उदयपुर एयरपोर्ट पर अफसर हुसैन ने अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसके बाद एयरलाइन उसी दिन यात्री को फ्लाइट से वापस दिल्ली लाई। दिल्ली में एक दिन स्टे करने के बाद 31 जनवरी को उसे फ्लाइट से पटना भेजा गया। वहीं इंडिगो ने इस मामले पर शुक्रवार को बयान जारी करके कहा कि हमें 6E-319 दिल्ली-उदयपुर उड़ान में एक यात्री के साथ हुई घटना की जानकारी है। हम इस मामले में अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। यात्री को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। बता दें कि इनदिनों अनेक एयरलाइंस से गड़बड़ी की खबरें सामने आती रही हैं।