तस्करी के सोना के साथ एयर इंडिया का क्रू मेंबर गिरफ्तार

 09 Mar 2023  657

संवाददाता/in24 न्यूज़.
लगातार विवादों में घिरे एयर इंडिया (Air India) से एक और विवादित मामला सामने आया है। कोच्चि एयरपोर्ट (Kochi Airport) पर एयर इंडिया के ही एक केबिन क्रू मेंबर को सोने की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक बुधवार को केबिन क्रू मेंबर अपने हाथों में गोल्ड को चिपकाकर ले जा रहा था। तभी इसकी जानकारी कस्टम डिपार्टमेंट को लगी। जब उसकी जांच की गई तो उसके पास से एक किलो 487 ग्राम सोना पकड़ा गया। आरोपी बहरीन कोझिकोड कोच्चि सेवा का केबिन क्रू मेंबर है। आरोपी केबिन क्रू वायनाड का रहने वाला है। उसका नाम शफी है। उसने सोने की तस्करी करने का अलग ही तरीका अपनाया था। हालांकि उसकी यह चालाकी काम न आई और वह कस्टम विभाग के हत्थे चढ़ गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अपने हाथों में सोना लपेटकर उसे अपनी शर्ट की बाजू से छिपाया था। वह ग्रीन चैनल के रास्ते बाहर निकलने की प्लानिंग में था। इसी बीच में पकड़ा गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। चेन्नई कस्टम विभाग की तरफ से जानकारी दी गई है कि बुधवार को उनके यहां भी दो पैसेंजर को एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है। दोनों यात्री सिंगापुर से आए थे। उनके पास 6.8 किलो सोना पकड़ा गया है, जिसकी कीमत 3.32 करोड़ रुपए है। अधिकारियों ने बताया कि यात्री AI-347 और 6E-52 से चेन्नई पहुंचे थे। खुफिया जानकारी में उन्हें इसके बारें में पता चला। इसके बाद जब उनके सामान की चेकिंग की गई तो उनके पास से सोना मिला और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आगे की करवाई शुरू है।