फ्लाइट में महिला को बिच्छू ने डंक मारा

 06 May 2023  751

संवाददाता/in24 न्यूज़.
इनदिनों एयर इंडिया ((Air India)) लगातार विवादों में है। अब खबर है कि नागपुर से मुंबई जा रहे एयर इंडिया  के विमान में सवार महिला यात्री को बिच्छू (Scorpion) ने डंक मार दिया। घटना से हड़कंप मच गया। विमान से मुंबई एयरपोर्ट पर संदेश भेजा गया कि डॉक्टर के साथ तैयार रहिए। प्लेन के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद तुरंत महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना 23 अप्रैल 2023 की है। एयर इंडिया के मुताबिक एआई 630 (AI 630) फ्लाइट में एक यात्री को बिच्छू ने काट लिया था। प्लेन के एयरपोर्ट पर लैंड होते ही महिला यात्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हमारे अधिकारी महिला के साथ अस्पताल गए और डिस्चार्ज होने तक यात्री को हर संभव की मदद दी। एयर इंडिया ने कहा कि हमारी टीम ने प्रोटोकॉल का पालन किया और विमान का पूरा निरीक्षण किया। विमान में कीड़े मारने वाली गैस छोड़ी गई जिससे बिच्छू पाया गया। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना के बाद एयर इंडिया ने कैटरिंग विभाग से धुलाई सेवाएं मुहैया कराने वालों को यह सलाह देने को कहा कि वे इस बात की जांच करें कि कहीं उनके यहां कीट तो नहीं फैल रहे और यदि जरूरी हो तो कीट नियंत्रण करें। बता दें कि दिसंबर 2022 में एक फ्लाइट कार्गों में सांप घुस गया था। इससे पहले एक विमान में चिड़िया घुस गई थी। बता दें कि एयर इंडिया फ्लाइट में हो रही अजीबोगरीब घटनाएं सुनकर हर किसी को हैरानी हो रही है।