सरकार अर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने के प्रयास कर रही है : नायडु

 28 Dec 2019  839

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
एक तरफ जहां देश में मंदी की बात की जा रही है और विपक्ष लगातार इसे मुद्दा बनता रहा है, ऐसे में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि आर्थिक वृद्धि दर में हाल की गिरावट के बावजूद भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने वर्तमान नरमी को अर्थव्यवस्थाओं में स्वाभाविक उतार चढाव के चक्र का परिणाम बताते हुए कहा कि एक अस्थायी दौर है और सरकार अर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने के प्रयास कर रही है। नायडु ने शुक्रवार को रायपुर में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इंडियन इकोनॉमिक एसोसिएशन के 102 वें सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। नायडु ने कहा कि हाल के जीडीपी के आंकड़ों में गिरावट के बावजूद, भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। अर्थव्यव्स्था में अस्थाई सुस्ती के दौर को बाज़ार की स्वाभाविक चक्रीय प्रवाह बताते हुए उन्होंने निजी क्षेत्र तथा अर्थशास्त्रियों से कहा कि ये समझना होगा कि मुक्त बाजार व्यवस्था में संभावित मंदी एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। यह अर्थव्यव्स्था के नैसर्गिक चक्रीय प्रवाह का अंग है। निजी क्षेत्र को मुक्त बाजार में इस अस्थाई दौर को स्वीकार करना होगा जिसका समाधान स्वाभाविक रूप से अर्थव्यव्स्था में ही होता है। उन्होंने अर्थ व्यवस्था में तेज़ी लाने के लिए सरकार द्वारा किए गए उपायों का उल्लेख किया।