अनिल अंबानी का जन्मदिन आज

 04 Jun 2020  618

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
दुनिया के अमीर शख्सियतों में से एक मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी का आज सब कुछ दांव पर लगा है। वह भारी कर्ज में डूबे हुए हैं। यहां तक की उनकी कई कंपनिया दिवालिया घोषित होने वाली है। देखते ही देखते अनिल अंबानी अर्श से फर्श पर आ गए। आज अनिल अंबानी का जन्मदिन है. अनिल अंबानी का जन्म 4 जून 1959 को मुंबई में हुआ था। पिता धीरूभाई अंबानी और माता कोकिला बेन के वह काफी दुलारे थे। अनिल अंबानी ने मुंबई विश्वविद्यालय से साइंस में ग्रेज्यूएट की डिग्री प्राप्त की और बाद में पेन्सिलवेनिया यूनीवर्सिटी के व्हार्टन स्कूल से एमबीए की उपाधि प्राप्त की। धीरूभाई अंबानी द्वारा स्थापित रिलायंस समूह भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक घराना है। पिता के निधन के बाद मुकेश अंबानी और अनिल अंबानी के बीच संपत्ति का बंटवारा हुआ। अनिल अंबानी समूह की चार फर्मों रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम), रिलायंस कैपिटल (आरसीएल), रिलायंस एनर्जी (आरईएल) और रिलायंस नेचुरल रेसौरसेस लिमिटेड (आरएनआरएल) शामिल थी। अनिल अंबानी कभी दुनिया के छठे अमीर व्यक्ति हुआ करते थे। आज उनके सितारे ऐसे गर्दिश में डूबे कि उनकी कंपनियां दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गई है। अनिल अंबानी के स्वामित्व वाले रिलायंस ग्रुप पर कर्ज का भारी बोझ है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में मुताबिक, सितंबर 2019 तक रिलायंस ग्रुप पर 13.2 डॉलर (करीब 93 हजार करोड़ रुपए) का कर्ज था। अब उनकी एक और कंपनी रिलायंस नेवल एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड (आएनइएल) की कर्ज चुका पाने में अक्षमता की वजह से दिवाला प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस कंपनी पर 43,587 करोड़ रुपए का कर्ज है। ब्रिटेन की एक अदालत ने अनिल अंबानी को चीन के तीन बैंकों को 21 दिन के भीतर 71.7 करोड़ डॉलर का भुगतान करने को कहा है। इन बैंकों को एक ऋण करार के तहत अंबानी से यह राशि वसूल करनी है।