महंगा होगा मुंबई का टोल टैक्स

 26 Sep 2020  520

संवाददाता/in24 न्यूज़।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में टोल टैक्स अब महंगा होनेवाला है. कोरोना के संकट के बीच मुंबई में टोल टैक्स की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है। आगामी एक अक्टूबर से मुंबई के पांच टोल नाकों पर 5 से लेकर 25 रुपए तक की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी। इस टोल टैक्स बढ़ोतरी से मुंबईकरों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है। गौरतलब है कि मुंबई के मुलुंड, वाशी, दहिसर, एरोली और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग के प्रवेश द्वार पर एमईपी कंपनी के टोल नाके हैं। शहर में मौजूद 55 फ्लाईओवर बनाने के दौरान आए खर्च को वसूलने के लिए साल 2002 से 2027 तक 25 वर्ष के लिए इन टोल नाकों से पैसे वसूल किए जाने हैं। एमईपी कंपनी और एमएसआरडीसी के बीच हुए समझौते के मुताबिक हर 3 साल में टोल टैक्स में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। यह बढ़ोतरी उसी करार के अनुसार की जा रही है। नई दरों के अनुसार छोटे वाहनों के लिए टोल टैक्स में 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसलिए अब तक 35 रुपए प्रति वाहन लगने वाला टोल अब 40 रुपए प्रति वाहन का हो जाएगा। जबकि मीडियम साइज वाहनों के लिए 10 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। अब यह टोल टैक्स 65 रुपए का हो जाएगा। वही ट्रक और बस के लिए टोल टैक्स में 25 रुपए की बढ़ोतरी की गई है जिसके अनुसार अब 105 की जगह 130 रुपए का टोल टैक्स चुकाना होगा। इसके अलावा इनसे भी बड़े वाहनों पर भी 25 रुपए टोल टैक्स का अतिरिक्त भार वाहन चालकों को चुकाना होगा। वहीं वाहन चालकों के लिए जारी किए जाने वाले मासिक पास को भी अब 1400 से बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया गया है। इस फैसले से रोज़ाना टोल टैक्स भरनेवालों में रोष फ़ैल गया है.