शराब घोटाला बीजेपी ने किया, कई बड़े नेता शामिल : संजय सिंह

 05 Apr 2024  1506

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि दिल्ली शराब घोटाला भाजपा ने किया है और इसमें भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हैं। उन्होंने ये भी दावा किया है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी साजिश के तहत हुई है। संजय सिंह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया है कि दिल्ली शराब घोटाले में जिन लोगों को आरोपियों के रूप में पकड़ा गया था, उन्होंने जब तक केजरीवाल का नाम नहीं लिया, ईडी ने उनके बयान को भरोसे लायक नहीं माना लेकिन जैसे ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल का नाम ले लिया उस बयान को मान लिया गया।उन लोगों के बयानों के आधार पर केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। संजय सिंह ने आरोपियों का नाम अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में लिया। पहला नाम मागुंता रेड्डी का लिया और दूसरा नाम शरत रेड्डी का लिया। तिहाड़ जेल से रिहा होने के एक दिन बाद आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कल कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और कहा कि उन्होंने भाजपा नीत केंद्र सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की। फिर उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिल्ली और झारखंड के मुख्यमंत्रियों को जेल भेजा गया, वह देश में तानाशाही की शुरुआत है। उन्होंने आगे कहा कि वे अन्य मुख्यमंत्रियों को भी जेल भेजने की तैयारी कर रहे हैं। यह देश में लोकतंत्र और संविधान के लिए बहुत खतरनाक है और हमें इसके खिलाफ लड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने ब्रिटिश शासकों के खिलाफ लड़ाई लड़ी क्योंकि उस समय बोलने और रहने की आजादी नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि आजादी के 77 साल बाद अब वही स्थिति पैदा हो गई है। बता दें कि बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने कहा है कि संजय सिंह ऐसा बर्ताव कर रहे हैं जैसे उन्हें शराब घोटाले से रिहाई मिली हो, उन्हें सिर्फ जमानत मिली है।