नवी मुंबई में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार के कार्यक्रम में लू लगने से 11 लोगों की मौत

 17 Apr 2023  898

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बढ़ती गर्मी और लू का प्रकोप महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र के नवी मुंबई (Navi Mumbai) में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार (Maharashtra Bhushan Award) समारोह के दौरान लू और गर्म हवा के थपेड़ों के कारण 11 लोगों की मौत हो गई जबकि सौ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। नवी मुंबई के खारघर (Kharghar) में रविवार को आयोजित इस सम्मान समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अप्पासाहेब धर्माधिकारी को इस पुरस्कार से नवाजा। सम्मान समारोह के दौरान लू लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। कई लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अब भी 100 से ज्यादा लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंधे ने ट्वीट कर सरकार की आलोचना की और कहा कि लोग परेशान थे, क्योंकि सम्मान समारोह अप्रैल की भीषण गर्मी में अपराह्न में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान ही कई लोग चक्कर आने के कारण गिर पड़े, जबकि कई लोगों को उल्टी भी हुई। बीमारों में से कई लोगों का खारघर के टाटा अस्पताल, पनवेल के उप जिला अस्पताल और मेडी कवर अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट मिली है कि कुछ लोगों को एमजीएम अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अस्पतालों में भर्ती लोगों से मुलाकात की। बता दें कि महाराष्ट्र के दस जिलों में गर्मी से और परशानी बढ़ सकती है।