मुंबई में मटकी फोड़ने के दौरान 195 गोविंदा पथक घायल, कई अस्पताल में भर्ती

 08 Sep 2023  728
संवाददाता/in24 न्यूज़।   
 

आर्थिक राजधानी मुंबई में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दही हांडी के अलग-अलग कार्यक्रमों में मटकी फोड़ने के दौरान करीब 195 गोविंदाओं के घायल होने की खबर सामने आई है। इससे पहले गुरुवार को बीएमसी ने जानकारी दी थी कि जन्माष्टमी के मौके पर दही हांडी का जश्न मनाते समय अलग-अलग घटनाओं में 35 गोविंदा पथक घायल हुए थे। जिनमें से कई गोविंदाओं को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बीएमसी द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक मुंबई में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दही हांडी के दौरान अलग-अलग घटनाओं में 195 गोविंदा घायल हुए हैं। इनमें से 18 को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 177 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, चार गोविंदाओं को गंभीर चोटें आई जबकि 22 का इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र में दही हांडी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होने वाला प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रम है। दही हांडी को मिट्टी के बर्तन में दही, मक्खन और अन्य दूध उत्पादों से भरकर मनाया जाता है। लोगों का एक समूह मटकी तक पहुंचने के लिए एक मानव पिरामिड बनाता है और उसे तोड़ता है। यह परंपरा भगवान कृष्ण की चंचलता और मासूमियत और मक्खन और दही के प्रति उनके प्रेम का प्रतीक है।