पंजाब कांग्रेस को सिद्धू के लौटने की उम्मीद

 30 Sep 2021  487

संवाददाता/in24 न्यूज़।
पंजाब कांग्रेस में काफी उठा पटक के बाद नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मोहम्मद मुस्तफा ने कहा है कि बहुत जल्द ही पंजाब कांग्रेस का मुद्दा सुलझ जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। मुस्तफा ने कहा कि वह अगले विधानसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस का नेतृत्व करेंगे और सभी समस्याओं का समाधान होगा। वहीं नवजोत सिद्धू मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से आज दोपहर पंजाब भवन, चंडीगढ़ पहुंचकर मुलाकात करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। मीडिया से बातचीत में सिद्धू के सलाहकार मुस्तफा ने कहा कि सिद्धू को कांग्रेस नेतृत्व भली भांति समझता है और वह कांग्रेस नेतृत्व से परे नहीं हैं। मुस्तफा ने कहा सिद्धू अमरिंदर सिंह नहीं हैं, जिन्होंने कभी कांग्रेस और उसके नेतृत्व की परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि सिद्धू कई बार भावनात्मक रूप से काम करते हैं और कांग्रेस नेतृत्व इसे समझता है। इस बीच, सिद्धू अभी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। आज सुबह उनके आवास पर किसी ने भी जाकर मुलाकात नहीं की है। माना जा रहा है कि पार्टी के कड़े रुख के बाद सिद्धू के रुख में नरमी आई है। कल ही सीएम चन्नी ने भी सिद्धू से बात की थी और कहा था कि अगर किसी मुद्दे पर आपत्ति है, तो उसे बातचीत के जरिए ठीक किया जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ पंजाब में कांग्रेस की कलह के बीच पार्टी के नेता राहुल गांधी आज दिल्ली में बैठक कर सकते हैं। पंजाब के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे चुके नवजोत सिंह सिद्धू अभी तक नाराज हैं। इस बाबत राहुल और केसी वेणुगोपाल के बीच बैठक हो सकती है। उधर खबर है कि अगर सिद्धू नहीं मानें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह के भरोसेमंद लोगों को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष चुना जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी हाईकमान सिद्धू की जगह कैप्टन की पत्नी परिणीति कौर को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बना सकती है। इसके साथ ही पार्टी की निगाह में रवनीत सिंह बिट्टू भी अध्यक्ष पद के लिए हैं। हालांकि अभी पार्टी सिद्धू को मनाने की कोशिश में लगी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि गुरुवार शाम तक तस्वीर कुछ साफ हो सकती है। अब सब सिद्धू पर निर्भर है कि वे अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हैं या अपनी ज़िद पर अड़े रहते हैं!