सिद्धू ने फिर जताई राहुल और प्रियंका में निष्ठा

 03 Oct 2021  726

संवाददाता/in24 न्यूज़.
सियासी घमासान के बीच नवजोत सिंह सिद्धू का बड़ा बयान आया है। बता दें कि पंजाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि उनके पास कोई पद रहे या ना रहे, वह राहुल और प्रियंका गांधी के साथ बने रहेंगे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सिद्धू ने शनिवार को ट्वीट किया और लिखा कि गांधी जी और शास्त्री जी के सिद्धांतों को हम कायम रखेंगे। चाहे कोई पद हो या न हो, मैं हमेशा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ खड़ा रहूंगा। नकारात्मक शक्तियां मुझे कितना भी मात देने की कोशिश कर लें, लेकिन सकारात्मक शक्ति के साथ पंजाब जीतेगा, पंजाबियत जीतेगी और हर पंजाबी जीतेगा।विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में मचे घमासान के बीच मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सिद्धू को मनाने की कोशिश भी की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा या फिर वह इसे वापस लेंगे। बता दें, महीनों तक कैप्टन अमरिंदर सिंह से टकराव के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के दखल से ही नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब में पार्टी की कमान सौंपी गई थी। सिद्धू के बढ़ते दखल से आहत कैप्टन ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया गया। बताया जाता है कि सिद्धू खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते थे। इसके बाद चन्नी ने अहम नियुक्तियों में भी सिद्धू की राय नहीं ली। इसके बाद सिद्धू ने भी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि सिद्धू पर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने आरोप लगाया था कि वे मनमानी में यकीन करते हैं।