भंवरी कांड के मुख्य आरोपी रहे महिपाल मदेरणा का निधन

 17 Oct 2021  614

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भंवरी देवी कांड के प्रमुख आरोपी रहे और राजस्थान सरकार में पूर्व केबिनेट मंत्री रहे महिपाल मदेरणा का आज जोधपुर में निधन हो गया। मदेरणा की उम्र 69 वर्ष थी। वे पिछले काफी समय से मुंह के कैंसर से पीडित थे और बाद में उन्हें कोरोना भी हो गया था। हालांकि कोरोना से वे काफी ठीक हो गये थे। मदेरणा ने आज सुबह सवा छह बजे अंतिम सांस ली। उनकी पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव चाडी ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भंवरी देवी मामले में आरोपी मदेरणा को करीब महीने भर पहले ही उच्च न्यायालय से जमानत मिली थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनके अंतिम यात्रा जोधपुर स्थित निवास से शुरू होकर पैतृक गांव चाडी के लिए जाएगी और वहां शाम करीब चार बजे पिता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय परसराम मदेरणा की समाधि के पास ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मदेरणा का जन्म दिग्गज कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय परसराम मदेरणा के घर पांच मार्च 1952 को जोधपुर जिले के लक्ष्मण नगर चाडी गांव में हुआ था। उन्होंने जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर से बीए एलएलबी तक की पढ़ाई की। उनके पिता स्वर्गीय परसराम मदेरणा एवं बड़े भाई अशोक का पूर्व में निधन हो चुका है। उनकी पत्नी लीला मदेरणा वर्तमान में हाल के पंचायत चुनावों में जोधपुर की जिला प्रमुख बनी हैं और दो पुत्रियां दिव्या मदेरणा और रूपल मदेरणा हैं। जिनमें से दिव्या मदेरणा वर्तमान में इस परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में राजनीति संभालते हुए वर्तमान में जोधपुर जिले की ओसियां से विधायक हैं। महिपाल मदेरणा करीब 18 साल से अधिक समय तक जोधपुर के जिला प्रमुख रहने के साथ ही वर्ष 2003 से 2008 तक भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र एवं 2008 से 2013 तक ओसियां से विधायक रहने के साथ ही तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार में जलदाय विभाग के कैबिनेट मंत्री भी रहे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मदेरणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये ईश्वर से उनके परिजनों को इस दुख सहने की हिम्मत प्रदान करने की प्रार्थना की है। बता दें कि भंवरी देवी मामले में आरोपी रहे मदेरणा की कहानी का अब पटाक्षेप हो चुका है।