कांग्रेस यूपी में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकटें देगी : प्रियंका

 19 Oct 2021  472

संवाददाता/in24 न्यूज़।
कांग्रेस ने यूपी में होनेवाले विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। ऐसे में कांग्रेस ने बड़ी घोषणा की है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने घोषणा की है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 फीसदी महिला उम्मीदवार उतारेगी। टिकटों के लिए आवेदन भी मांगे गए हैं। अगले महीने की 15 तारीख तक आवेदन खुला रहेगा। प्रियंका ने कहा कि मेरा बस चलता तो मैं 50 प्रतिशत टिकट दे देती। उत्तर प्रदेश में आरक्षण बढ़ेगा तो देश भी बढ़ेगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं यूपी की इंचार्ज हूं तो मैंने फिलहाल यूपी के लिए फैसला लिया है। केंद्र स्तर पर बाद में सोचा जाएगा। राजनीतिक पार्टियां सोचती हैं कि महिलाएं दो हजार रुपए देकर और सिलेंडर देकर खुश कर देंगे लेकिन राजनीति में बदलाव ऐसे नहीं आएगा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इस निर्णय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। ये निर्णय आम महिलाओं के लिए है। यह निर्णय प्रयागराज की पारो के लिए है। यह निर्णय चंदौली की बेटी के लिए है। ये निर्णय उन्नाव की बेटी के लिए है। ये निर्णय रमेश चन्द्र की बेटी के लिए है। ये निर्णय लखनऊ की एक वाल्मीकि समाज की लड़की के लिए है जो बेरोजगार है। बता दें कि कांग्रेस का जो लगाव पहले यूपी से था उसी वजह से लगातार कांग्रेस की सीट बची रही, मगर बदलते वक़्त ने यूपी से कांग्रेस को बेहद कमज़ोर कर दिया। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस फैसले से पार्टी को कैसा प्रतिसाद मिलता है!