GOA ELECTION 2022 : आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन, 14 फरवरी को डाले जाएंगे वोट

 12 Feb 2022  364
संवाददाता/ in24 न्यूज़
गोवा में आज प्रचार का अंतिम दिन है, जिसके बाद आज शाम पांच बजे से प्रचार बंद हो जाएगा। गोवा विधानसभा चुनाव (Goa Assembly Election 2022) के लिए सभी सीटों पर 14 फरवरी (Goa Election Voting Date) को वोटिंग होनी है। बता दें कि राज्य में इस बार कांग्रेस, बीजेपी (BJP in Goa) और आम आदमी पार्टी (AAP in Goa) के बीच मुकाबला है। बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस (Congress in Goa) पूरा जोर लगा रही है, जबकि बीजेपी के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है। हालांकि इस बार मैदान में पश्चिम बंगाल की TMC भी है, जिसने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी से गठबंधन किया है, लेकिन उसकी चर्चा न के बराबर ही है. चुनावों परिणामों की घोषणा 10 मार्च को होगी।
इस बार मुख्य लड़ाई BJP और कांग्रेस के बीच है. दोनों पार्टियों ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है. अगर साल 2017 में हुए चुनावों की बात करें तो कांग्रेस 17 सीट जीत कर सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी थी, बावजूद इसके वह सत्ता में नहीं आ सकी थी। जबकि भाजपा ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी और उसने मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों और क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन किया था। गोवा में कुल 40 विधानसभा क्षेत्र है, जहां किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 21 पर पहुंचना अनिवार्य है.

सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने साल 2019 में मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद प्रमोद सावंत को गोवा का सीएम बनाया। कांग्रेस इस बार गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने जहां 37 उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं जीएफपी ने तीन को टिकट दिया है। जबकि राज्य में पहली बार किस्मत आजमा रही तृणमूल कांग्रेस ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी से गठबंधन किया है। पिछले चुनाव में खाता भी नहीं खोल पाई आम आदमी पार्टी फिर से मैदान में है।