धार्मिक पर्वों पर लगे प्रतिबंधों को शिंदे सरकार ने हटाया

 22 Jul 2022  419

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने धार्मिक उत्सवों पर से लगे प्रतिबंधों को हटाने का एक बड़ा फैसला लिया हैं।मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान त्योहारों पर लगे प्रतिबंध हटा लिए गए हैं और आगामी गणेश चतुर्थी, दही हांडी और अन्य धार्मिक पर्वों पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के जुलूसों पर भी कोई पाबंदी नहीं रहेगी। मार्च 2020 में महामारी के प्रसार के बाद, उद्धव ठाकरे की  महा विकास आघाड़ी सरकार ने त्योहारों पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे जिसमें गणेशोत्सव के दौरान जुलूस निकालने पर पाबंदी शामिल थी। घर और सार्वजनिक पूजा मंडलों द्वारा स्थापित की जाने वाली भगवान गणेश की मूर्ति की ऊंचाई भी सीमित कर दी गई थी। इन प्रतिबंधों के कारण गत दो वर्षों के दौरान कई धार्मिक त्यौहार साधारण तरीके से मनाए गए। शिंदे ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान धार्मिक पर्वों पर लगाए गए सभी प्रकार के प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। लोगों को सकारात्मकता से इन त्योहारों को मनाना चाहिए। बता दें कि शिंदे सरकार के फैसले से गणेशोत्स्व मामने वाले पंडालों में ख़ुशी की लहर है। उम्मीद है कि इस बार के सारे धार्मिक आयोजन कोरोना के पहले की भांति धूमधाम से मनाए जायेंगे, हालांकि कोरोना का खतरा टला नहीं है।