आशीष शेलार को मिली जान से मारने की धमकी

 02 Mar 2023  1024

संवाददाता/in24 न्यूज़ 

          अभिनेता अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र को जान से मारने का धमकी भरा कॉल आया था। मुंबई पुलिस को आए दिन ऐसे धमकी भरे कॉल्स आते है जिसमें मुंबई, मुंबई होटल्स या फिर किसी क्षेत्र को उड़ाने की धमकी दी जाती है। लेकिन आगे जाकर वह फेक कॉल्स निकल जाता है। अब मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार को जान से मारने की धमकी मिली। मुंबई पुलिस पुलिस कंट्रोल रूम को एक शख्स ने कॉल कर कहा कि उसे बीजेपी नेता आशीष शेलार को मारने के लिए कहा गया है।

          दरअसल, बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा- 'हैलो, मुझे परवेज कुरैशी और जावेद कुरैशी दोनों ने विधायक आशीष शेलार को गोली मारकर हत्या करने के लिए कहा है। मुझे मदद की ज़रूरत है।' इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और फोन करने वाले का पता लगाया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि कॉल 93 ब्लास्ट के एक आरोपी ने की थी, जो बाद में सरकारी गवाह बन गया था। जांच में कॉल करने वाले की पहचान मंजूर अहमद महमूद कुरैशी जिसकी उम्र 52 के रूप में हुई और वह नशे की हालत में मिला। 

          जब मुंबई पुलिस ने मंजूर अहमद कुरैशी से पूछताछ किया तो उसने यह बात माना कि उसने कॉल किया था। आगे उसने कहा कि क्योंकि परवेज और जावेद ने उसकी शराब के पैसे नहीं दिए इसलिए उसने ऐसा किया। निर्मल नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। आपको बता दें यह पहली बार नहीं है जब आशीष शेलार को मारने की धमकी मिली है इससे पहले पिछले महीने भी आशीष शेलार को जान से मारने की धमकी मिली थी और उनके दफ्तर में मिले पत्र में कहा गया था कि उनके टुकड़े-टुकड़े कर दिए जाएंगे।  इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।