राम मंदिर के उद्घाटन के दौरान राम भक्तों की ट्रेन पर हो सकता है पथराव - संजय राउत

 29 Aug 2023  1246
संवाददाता/in24 न्यूज़। 

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य बड़े ही जोर शोर जारी है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर का विवाद सुलझ तो गया लेकिन अभी कुछ नेता इस मुद्दे को आग का गोला बनाकर हवा देने की कोशिश में हैं। शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत आए दिन किसी न किसी मुद्दे पर विवादित बयान देते ही रहते हैं। ऐसे में एक बार फिर संजय राउत ने एक ऐसा बयान दे दिया है जिससे देश का माहौल खराब हो सकता है। संजय राउत ने राम मंदिर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। संजय राउत ने कहा कि ऐसी आशंका है कि राम मंदिर के उद्घाटन के वक्त राम भक्तों के ट्रेन पर पथराव हो सकता है, आग के गोले फेंके जा सकते हैं, पूरे देश में दंगे भड़काए जा सकते हैं। राउत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों के मन में डर है, जो राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक का ड्रामा कर सकती है, सत्यपाल मलिक ने आरोप लगाया है कि पुलवामा हुआ नहीं बल्कि करवाया गया। गोधरा के बारे में भी सभी यही कहते हैं। लोगों के मन में यह आशंका है कि 2024 का चुनाव जीतने के लिए, लोगों के मन में भय पैदा करने के लिए गड़बड़ कर सकतें है।

ट्रेन पर हो सकता है पथराव 
संजय राउत ने फिर आगे कहा कि हमें यह डर है, हमें यह आशंका है कि जो राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है, अयोध्या में उस वक्त पूरे देश से लोगों को बुलाया जाएगा, ट्रेनों में भरकर लाया जाएगा। किसी ऐसे इलाके में ऐसे विभाग में ट्रेन पर पथराव किया जा सकता है, आग के गोले फेंके जा सकते हैं, पूरे देश में दंगे भड़काए जाएंगे। राउत ने  कहा कि प्रमुख राजनीतिक दलों के मन में भी यह आशंका है। हमारा यह काम है कि इन तमाम बातों को लोगों के सामने रखना। अगर ऐसा नहीं है कुछ तो सरकार की जिम्मेदारी है कि जो ये वारदात होने जा रही है उसे रोकें। हरियाणा में दंगे हुए या भड़काए गए यह इसी बात का उदाहरण है।