नाइजर के गांव में हथियारबंद लोगों ने की 14 बच्चों समेत 37 नागरिकों की हत्या

 19 Aug 2021  544

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आतंकवाद की आग में झुलस रहे दक्षिण-पश्चिम नाइजर के एक गांव पर हुए हमले में हथियारबंद लोगों ने 14 बच्चों समेत 37 नागरिकों की हत्या कर दी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अकेले इस साल इस क्षेत्र में आतंकवादियों ने सैकड़ों नागरिकों की हत्या की है। वहीं, कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूनिसेफ ने इस हमले की जानकारी साझा की है। यूनिसेफ ने बताया कि अज्ञात सशस्त्र समूहों द्वारा बच्चों और परिवारों को निशाना बनाया गया है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ ) ने हमलों में मारे गए प्रभावित पीड़ितों, परिवारों और समुदायों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। बताया गया कि माली के सटी नाइजर की सीमा के पास तिलबेरी क्षेत्र के बानीबांगो के कम्यून में अज्ञात हमलावरों ने सोमवार को गोलियां चलाईं। एक स्थानीय अधिकारी ने मीडिया को बताया कि दोपहर में जब लोग खेतों में काम कर रहे थे तो हमलावर डेरे-डे गांव में 'मोटरबाइकों पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को खेतों में पाया और कुछ भी हिलने-डुलने पर गोली मार दी।' 16 अगस्त को हुए हमलों के बाद यूनिसेफ ने बताया कि पश्चिमी नाइजर में टिलबेरी क्षेत्र के डेरे-डे गांव में जनवरी से लेकर अगस्त तक यह तीसरा हमला है।यहां की जमीनी हालत बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हैं। यूनिसेफ बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सशस्त्र समूहों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का सम्मान करने की अपील की है। यूनिसेफ ने बताया कि बच्चों की हत्या मानव अधिकारों का घोर उल्लंघन है। टिलाबेरी के क्षेत्र, बुर्किना फासो, माली और नाइजीरिया से लगी सीमाओं पर हमलों के कारण बड़ी संख्या में पलायन भी हुआ है। बता दें कि आतंकवाद का खतरा लगातार यहां मंडराता रहता है।