बलूचिस्तान में एक महिला पुलिसकर्मी ने जेल में महिला क़ैदी को निर्वस्त्र नचाया

 13 Nov 2021  589

संवाददाता/in24 न्यूज़।
कहते हैं कि एक महिला का दर्द एक महिला समझती है। मगर पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक महिला कैदी के साथ एक महिला पुलिसकर्मी द्वारा अमानवीय व्यवहार की घटना सामने आई है। महिला कैदी को शबाना इरशाद नाम की एक महिला पुलिसकर्मी ने जेल में ही कपड़े उतारने पर मजबूर किया, इतना ही नहीं उसे निर्वस्त्र कर डांस भी कराया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग की ओर से महिला पुलिसकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया।जानकारी के मुताबिक, जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि महिला पुलिसकर्मी ने एक महिला कैदी के खिलाफ अपने पद का गलत इस्तेमाल किया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया। जांच में दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि पुलिसकर्मी शबाना इरशाद ने परी गुल नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया था। उस पर एक बच्चे की हत्या का आरोप था। डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस मुहम्मद अजहर अकरम ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी ने जेल में सभी के सामने महिला कैदी को कपड़े उतारने पर मजबूर किया। इतना ही नहीं उसे नाचने को भी कहा। अधिकारियों ने बताया कि महिला कैदी को कोर्ट द्वारा पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी जांच कमेटी के सामने अपने बचाव में कुछ भी दलील नहीं पेश कर पाई, जिसके बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया है। बहरहाल एक कैदी महिला के प्रति महिला पुलिस के इस व्यवहार से समझा जा सकता है कि उसकी संवेदना किस कदर मर चुकी है!