चीन में कैफेटेरिया में दोपहर के भोजन के समय हुए विस्फोट में 16 की मौत

 08 Jan 2022  572

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भोजन से ही जीवन है, मगर भोजन बनाते वक़्त लापरवाही मौत का सबब बन सकती है। दक्षिण पश्चिम चीन में शुक्रवार को एक कार्यालय के कैफेटेरिया में दोपहर के भोजन के समय हुए विस्फोट में 16 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। चोंगकिंग शहर के प्रशासन ने एक ऑनलाइन बयान में कहा कि विस्फोट का कारण गैस रिसाव हो सकता है। विस्फोट में कैफेटेरिया ढह गया, जिससे पीड़ित अंदर ही फंस गए। मीडिया ने बताया कि बचावकर्मियों ने पीड़ितों को तलाशने के लिए रात में मलबे को हटाने का काम किया। साथ ही आधी रात तक सभी शव बरामद कर लिए गए। रिपोर्ट के मुताबिक जीवित बचे लोगों में से एक की हालत गंभीर है। वूलोंग डिस्ट्रिक्ट के एक सरकारी कार्यालय में दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर विस्फोट हुआ था। यह डिस्ट्रिक्ट चोंगकिंग शहर के केंद्र से लगभग 75 किलोमीटर पश्चिम में है और अपनी सुंदर कार्स्ट रॉक संरचनाओं के लिए जाना जाता है। शुक्रवार को चोंगकिंग सरकार ने मौत का आंकड़ा 9 बताया था। इससे पहले 20 लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। मीडिया के वीडियो और तस्वीरों में नारंगी कपड़े पहने बचाव कर्मियों को मलबे पर चढ़ते हुए दिखाया गया है। मीडिया ने अपने ताजा अपडेट में कहा कि आधी रात तक फंसे हुए सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। चोंगकिंग के अधिकारियों ने ट्विटर जैसे वीबो प्लेटफॉर्म पर कहा कि घायल लोगों का इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर सरकारी चैनल सीसीटीवी द्वारा पोस्ट किए गए फुटेज में दक्षिण-पश्चिमी शहर के बाहरी इलाके वूलोंग जिले में ढही इमारत से धुआं और धूल उड़ती दिखाई दे रही है। घटनास्थल पर शुक्रवार को भारी भीड़ देखी गई। शिन्हुआ के एक अन्य वीडियो में दर्जनों बचाव कर्मी सैन्य वर्दी में कंधे पर फावड़े लिए सड़क के किनारे देखे गए हैं। सीसीटीवी ने कहा कि 150 से अधिक दमकल और बचाव कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। भारी सामान उठाने और उत्खनन के उपकरण भी घटनास्थल पर भेजे गए हैं। विस्फोट के कारणों की जांच जारी है।