आतंकियों ने किया काबुल में गुरुद्वारे पर हमला, 25 लोगों के मरने की आशंका

 18 Jun 2022  445

संवाददाता/in24 न्यूज़.
काबुल में हथियारबंद बंदूकधारियों द्वारा गुरुद्वारे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर सामने आ रही है। इस घटना में कम से कम 25 लोगों के मारे जाने की भी आशंका है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गुरुद्वारा अध्यक्ष गुरनाम सिंह के हवाले से यह जानकारी दी है। गुरनाम सिंह ने बताया है कि बंदूकधारियों ने अचानक गुरुद्वारे पर धावा बोला और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। कुछ लोग इमारत के दूसरी तरफ छिपे हुए हैं। वहीं कम से कम 25 लोगों को जान बचाने का मौका नहीं मिला और वे आतंकवादियों की गोली के शिकार हो गए। उनके अनुसार आतंकवादी आईएसआईएस के हैं। उन्होंने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि बिना किसी और देरी के अफगान अल्पसंख्यकों को तुरंत वहां से वापस भारत लाया जाए। वे छह महीने से ई-वीजा का इंतजार कर रहे हैं। गुरुद्वारा कार्ते परवान काबुल में सिख समुदाय का केंद्रीय गुरुद्वारा है। तालिबान के अधिग्रहण के बाद से देश में कम से कम 150 अफगान सिख अभी भी फंसे हुए हैं। वे पिछले कुछ महीनों से भारत से वीजा मांग रहे हैं।