व्हाइट हाउस के पास हमलावर ने पुलिस अधिकारी समेत कई लोगों पर दागी गोलियां

 20 Jun 2022  436

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कल रात अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में फिर से गोलीबारी हुई है। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी समेत कई लोगों को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि जूनटींथ म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान यह घटना घटी। हमलावर ने म्यूजिक कॉन्सर्ट की साइट पर लोगों पर गोली चला दी।वाशिंगटन के पुलिस विभाग ने बताया कि म्यूजिक कॉन्सर्ट की साइट पर तलाशी अभियान जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाशिंगटन पुलिस ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि इस घटना में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। वहीं एक पुलिस अधिकारी के अलावा दो अन्य लोग घायल हुए हैं जिनका उपचार चल रहा है। बता दें कि अलबामा के उस गिरजाघर में रविवार को पूजा फिर से शुरू हो गई, जहां एक बंदूकधारी ने सप्ताह के शुरू में तीन बुजुर्गों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। आयरनडेल के 84 वर्षीय वाल्टर बार्ट राईनी, पेलहम की 75 वर्षीय सारा येगर और 84 वर्षीय एक अन्य महिला की गुरुवार रात हुए हमले में मौत हो गई। पुलिस ने तीसरी पीड़िता के नाम का खुलासा नहीं किया है। अमेरिका में बंदूक हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर राष्ट्रपति जो बाइडेन कई बार चिंता जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि बच्चों और परिवारों की सुरक्षा के लिए अमेरिका को हमले के हथियारों पर प्रतिबंध लगाने या उन्हें खरीदने के लिए उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमें हमले वाले हथियारों पर प्रतिबंध लगाना होगा। अगर हम ऐसा नहीं कर सकते हैं, तो हमें उन्हें खरीदने की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 कर देनी चाहिए। बता दें कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।