श्रीलंका में विद्रोह से मचा हड़कंप

 11 Jul 2022  383

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पड़ोसी राष्ट्र श्रीलंका में विद्रोह के बाद स्थिति काफी बिगड़ गई है। देश में मौजूदाआर्थिक संकट के बीच राष्ट्रपति गोयबाया राजपक्षे के आवास में घुसे प्रदर्शनकारियों ने दावा किया है कि उन्हें वहां बड़ी मात्रा में पैसा मिला है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक जो पैसा राष्ट्रपति के आवास पर मिला है, उसे सिक्योरिटी यूनिट को सौंप दिया गया है। सोशल मीडिया पर शनिवार से ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें हजारों प्रदर्शनकारियों को राजधानी कोलंबो में स्थित आधिकारिक आवास में घुसते हुए देखा जा सकता है। वहीं, श्रीलंकाई सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ जनरल शवेंद्रा सिल्वा ने लोगों से अपील की है कि वो देश के सामने मौजूद संकट के शांतिपूर्ण समाधान में मदद करें। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के आवास में घुसे लोगों ने प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे के निजी आवास में आग लगा दी। इन घटनाओं के बाद से राजधानी कोलंबो में तनाव बना हुआ है। इस बीच, श्रीलंका पुलिस के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि रनिल विक्रमसिंघे के घर में आग लगाने के मामले में रविवार को तीन संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया है. गिरफ़्तार किए गए लोगों की पहचान जाहिर नहीं की गई है। इस बीच श्रीलंका सरकार के मंत्री धम्मिका परेरा ने इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्हें हाल में निवेश संवर्धन मंत्री बनाया गया था। रविवार को राष्ट्रपति के नाम लिखे पत्र में परेरा ने कहा कि उन्होंने ये पद मौजूदा संकट को देखते हुए और देश के प्रति अपने प्यार की वजह से स्वीकार किया था। परेरा को मिलाकर अब तक चार मंत्री इस्तीफ़ा दे चुके हैं। इनमें हैरिन फर्नांडो, मनुषा नानायकारा और बंधुला गुणावर्धने शामिल हैं। इस बीच राष्ट्रपति सचिवालय ने जानकारी दी कि देश में लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) आ रही है। दरअसल, श्रीलंका में बीते काफी समय से गैस और दूसरे पेट्रोलियम पदार्थों की कमी चल रही है। सचिवालय ने बताया कि 37सौ मीट्रिक टन गैस लेकर कार्गो शिप रविवार को पहुंचेगा। इसके साथ ही सिलेंडर की डिलेवरी शुरू हो जाएगी। दूसरी खेप 11 जुलाई यानी सोमवार को पहुंचेगी। बता दें कि कंगाली झेल रहे श्रीलंका में फिलहाल माहौल बेहद बिगड़ा हुआ है।