फ्रांस के दूल्हे ने रचाई रायबरेली की लड़की से शादी

 07 Feb 2020  875

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
इश्क में कोई बंधन नहीं होता इसलिए प्रेमियों के लिए ना सरहद से खतरा है ना अपने समाज से. यही कारण है कि फ्रांस के एक दूल्हे ने रायबरेली की प्रेमिका से शादी की. फ्रांस का दूल्हा अपने परिवार के साथ सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचा और यहां की रहने वाली लड़की से शादी रचाई। सोमवार को दर्जन भर बारातियों के साथ दूल्हा यहां पहुंचा था और मंगलवार को हिंदू रीति रिवाज के साथ नीति बेदी से शादी की। यह शादी अभी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस दौरान दोनों के परिवारीजन काफी खुश नजर आ रहे थे। अलग-अलग समाज से होने के बावजूद विवाह में दोनों पक्षों की तरफ से खूब हंसी मजाक किया गया। बताया जाता है कि दोनों परिजनों को रीति रिवाज समझाने के लिए ट्रांसलेटर का सहारा लिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, रायबरेली की रहने वाली नीति बेदी 2019 से फ्रांस में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत है। फ्रांस के रहने वाले सिल्वा मार्टिन भी यहीं कार्यरत हैं। दोनों करीब आए और शादी करने का निर्णय लिया। हालांकि नीति के लिये परिवार को इसके लिये राजी करना आसान नहीं था। लेकिन बेटी के निर्णय में माता-पिता ने भी साथ दिया और दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गये। मार्टिन और नीति ने हिंदू रीति रिवाज से शादी की रस्में पूरी की। रस्मों को एक दूसरे के परिवार को समझाने के लिए ट्रांसलेटर की मदद ली गई। इस दौरान दूल्हे के साथ उसके माता-पिता ने भी आचार्यों द्वारा बताए गए रीति के अनुसार पूरा किया।