अमेरिका में कोरोना ने 24 घंटे में ली 1330 की जान,  दुनिया में 29 लाख 21 हजार से ज्यादा हुए संक्रमित

 27 Apr 2020  644

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना वायरस के जानलेवा हमले की चपेट में आकर पूरी दुनिया में मरने वालों की संख्या दो लाख को पार कर गई है और 29 लाख 21 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। जबकि आठ लाख 36 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में मृतकों की संख्या 54 हजार को पार कर गई है और नौ लाख 60 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। जॉन हॉप्किंस के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1330 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ अमेरिका में मृतकों की संख्या 53,511 हो गई है।  वहीं अफ्रीका के 54 देशों में कोरोना वायरस संक्रमण के 30,000 से भी अधिक पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं। रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, अफ्रीका में इस वायरस से अब तक 1,374 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तरी अफ्रीका के तीन देशों मिस्र में 4,319 मामले, मोरक्को में 3,897 और अल्जीरिया में 3,256 मामले हैं। सिंगापुर में 931 नए मामलों के आने के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या रविवार को 13,624 हो गई है।  कोरोना की वजह से इंग्लैंड में पिछले 24 घंटे में 813 लोगों की मौतें हुई हैं जिसके साथ अब यहां भी मरने वालों की संख्या 20,000 से अधिक हो गई है।