मास्को में भारतीय सैन्य दस्ते को मार्च करता देख गर्व से चौड़ा हुआ सीना : राजनाथ

 24 Jun 2020  674

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत और चीन के बीच हिंसक झड़प के बाद हालांकि तावान जारी है, बावजूद इसके रूस के विजय दिवस परेड समारोह में हिस्सा लेने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय दौरे पर  मॉस्को पहुंचे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस कार्यक्रम में शिरकत करते हुए अपनी तस्वीरें पोस्ट की हैं। मॉस्को के रेड स्क्वॉयर चौक पर आयोजित इस भव्य परेड समारोह में रूस सहित दुनिया के कई देशों के सैनिकों ने हिस्सा लिया। इस परेड में भारत की तीनों सेनाओं की एक टुकड़ी ने भी भाग लिया। इस कार्यक्रम की तस्वीर ट्वीट करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि इस परेड में भारतीय सशस्त्र बलों के तीन अंगों का एक संयुक्त दस्ता भी हिस्सा ले रहा है। यह देखकर मुझे गर्व का अनुभव हुआ। इससे पहले रक्षा मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि 1941-1945 के देशभक्तिपूर्ण युद्ध में सोवियत लोगों की विजय की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए मॉस्को में रेड स्क्वायर पर विजय दिवस परेड में भाग ले रहा हूं। मुझे गर्व है कि भारतीय सशस्त्र बलों की त्रि-सेवा टुकड़ी भी इस परेड में भाग ले रही है। रक्षा मंत्री ने मंगलवार को रूस के उप प्रधानमंत्री यूरी इवानोविच बोरिसोव से मुलाकात की। इस दौरान रक्षा मंत्री ने रूस के साथ हुए भारत के रक्षा करारों पर बातचीत की। इस दौरान रूस ने भारत को भरोसा दिया कि उसकी तरफ से रक्षा सौदों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। बोरिसोव के साथ मुलाकात के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की तरफ से पेश किए गया नए रक्षा करार प्रस्ताव पर रूस की तरफ से सकारात्मक जवाब मिला है।