आज पीएम मोदी के हाथों समंदर पर बने अटल सेतु का उद्घाटन

 12 Jan 2024  87

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज मुंबई में समंदर पर बने भारत के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस 22 किलोमीटर लंबे पुल से मुंबई से नवी मुंबई की दूरी तय करने में महज 20 मिनट में पूरी होगी। इस पुल का पूरा नाम अटल बिहारी वाजपेई शिवडी न्हावाशेवा अटल सेतु (MTHL) है।  बता दें कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर इसका नाम अटल सेतु रखा गया है। ये देश का सबसे लंबा समुद्री ब्रिज होगा, जिसकी लंबाई 21.8 किलोमीटर होगी। ये 6 लेन वाला रोड ब्रिज है। इस पुल का 16.5 किलोमीटर हिस्सा मुंबई के समुद्र के ऊपर और 5.5 किलोमीटर हिस्सा जमीन के ऊपर बना है। पिछले गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में एमटीएचएल की टोल की दरों को महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। जानकारी के मुताबिक यह पुल सिर्फ कार चालकों के लिए होगा। गौरतलब है कि अटल सेतु मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को एक सूत्र में जोड़ने वाला है। सिक्स लेन वाले इस ब्रिज पर हर रोज 70 हजार से अधिक गाड़ियों का ट्रैफिक चल सकता है। पुल पर सौ किलोमीटर प्रति घंटे फर्राटा रफ्तार से गाड़ियां दौड़ेंगी जिससे घंटों का सफर मिनटों में तय होगा। वहीं, मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो और ट्रैक्टर को इस ब्रिज पर प्रवेश नहीं मिलेगा। करीब 22 किलोमीटर लंबे पुल से दक्षिण मुंबई से नवी मुंबई की दूरी तय करने में महज 15-20 मिनट लगेगा। इससे करीब डेढ़ से दो घंटे से ज्यादा का वक्त बचेगा। इतना ही नहीं एक आकलन के मुताबिक हर गाड़ी से करीब 300 रुपए का ईंधन बचेगा। इस पुल को बनाने में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है। सिक्स लेन के अलावा इसमें दोनों तरफ एक-एक एग्जिट लाइन का भी इंतजाम किया गया है। साथ ही यह पुल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले 190 सीसीटीवी कैमरे से लैस है।  मुंबई की रफ्तार को और गति देने वाले इस पुल की लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर करीब 5.5 किमी है। माना जा रहा है कि इस पुल के बन जाने से मुंबई और नवी मुंबई के बाद अब तीसरी मुंबई बनाने की राह आसान हो जाएगी। अटल सेतु भारत का सबसे लंबा पुल तो है ही ये दुनिया का 12वां सबसे लंबा समंदर पर बना पुल भी है जो 17 हजार 840 करोड़ रुपए में बनकर तैयार हुआ है। बता दें कि पीएम मोदी द्वारा महाराष्ट्र के लिए यह एक बड़ा तोहफा है।