मणिपुर में कुकी उग्रवादियों की गोलीबारी में दो पुलिस जवान शहीद, छह घायल

 18 Jan 2024  355

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मणिपुर में अबतक हिंसा जारी है। यहां कई जिलों में कुकी उग्रवादियों की ओर से बुधवार रात से गोलाबारी गुरुवार को भी जारी रही और हमले से जूझ रहे पुलिस को पीड़ितों की मदद कर पाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच कुकी उग्रवादियों के हमले में दो पुलिस जवान शहीद हो गए। शहीद जवानों की पहचान छठी मणिपुर राइफल्स के जवान वांगखेम सोमोरजीत मीतेई और दसवीं आईआरबी के जवान ताखेललंबम सिलेशवर सिंह के रूप में की गई है। हमले में छह पुलिस कर्मी मोहम्मद केमल हसन, सोंगसुआथुई ऐमोल, मोहम्मद अब्दुल हासिम, नगासेपम विम, एएसआई सिदार्थ थोकचोम और के प्रेमानंद घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, कुकी उग्रवादी बम धमाकों के साथ ही राकेट चालित ग्रेनेड से हमले कर रहे हैं। पूर्वी इंफाल, पश्चिमी इंफाल, थोउबल, बिशेनपुर और काकचिंग जिलों में की जा रही गोलीबारी के कारण यहां से बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों सहित ग्रामीण अपने घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस का कहना है कि कुकी उग्रवादी जिस तरह से आधुनिक और मारक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसे में सेना और असम राइफल्स ही इन उग्रवादियों से अपने हथियारों से मुकाबला कर सकते हैं। उग्रवादियों ने थौबल जिले में विभिन्न सुरक्षा चौकियों पर भी हमला किया। सुरक्षा बलों ने न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। हथियारबंद उग्रवादियों की ताबड़तोड़ गोलीबारी में बीएसएफ के तीन जवान गौरव कुमार, एएसआई सोबराम सिंह और एएसआई रामजी गोली लगने से घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए राज मेडिसिटी ले जाया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने घायल जवानों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। राज्य सरकार ने थौबल जिले में फिर से कर्फ्यू लगा दिया है और जिले की सीमाओं में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगी रोक को और बढ़ा दिया गया है। बता दें कि मणिपुर हिंसा की आग में जल रहा है और उग्रवदियों पर अबतक बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई है।