19 असाधारण बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मु

 20 Jan 2024  122

संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश के असाधारण उपलब्धि प्राप्त करने वाले 19 बच्चों को 22 जनवरी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, 2024 से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय बाल पुरस्‍कार देश के सभी क्षेत्रों से चुने गए 19 बच्‍चों को कला और संस्‍कृति (7), वीरता (1), नवाचार (1), विज्ञान और प्रौद्यगिकी (1), समाज सेवा (4) और खेल (5) के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए प्रदान किया जा रहा है। पुरस्कार विजेताओं में दो आकांक्षी जिलों सहित 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से नौ लड़के और 10 लड़कियां हैं। मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं के साथ बातचीत करेंगे। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी 24 जनवरी को राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई की उपस्थिति में बच्चों के साथ बातचीत करेंगी और उन्हें उनकी संबंधित श्रेणियों में उनके अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए बधाई देंगी। केंद्र सरकार बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पुरस्कार प्रदान करती है। यह पुरस्कार पांच से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को सात श्रेणियों में कला और संस्कृति, वीरता, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा तथा खेल में उनकी उत्कृष्टता के लिए प्रदान किए जाते हैं। प्रत्येक पुरस्कार विजेता बच्चे को एक पदक और एक प्रमाणपत्र दिया जाता है। इस वर्ष महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने क्षेत्रीय समाचार पत्रों और सभी प्रमुख राष्ट्रीय समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी करके नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए। राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल को नामांकन के लिए नौ मई से 15 सितंबर 23 तक की लंबी अवधि के लिए खोला गया था। संबंधित मंत्रालयों, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रशासकों, देश भर के जिलाधीशों से प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित करने का अनुरोध किया गया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य माध्यमों से पुरस्कार का प्रचार-प्रसार किया गया ताकि ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं सहित सभी स्तरों से नामांकन प्रस्तुत किए जा सकें। बता दें कि इस देश में प्रतिभाओं को सरकार द्वारा सम्मानित करने की पुरानी परंपरा है।