भारत टेक्स 2024 के उद्घाटन पर देश को ग्लोबल हब बनाने पर पीएम मोदी का ज़ोर

 26 Feb 2024  724

संवाददाता/in24 न्यूज़.

आज देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में देश में आयोजित होने वाले अब तक के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र कार्यक्रमों में से एक भारत टेक्स-2024 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। भारत टेक्स-2024 का आयोजन आज गुरुवार तक होगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत, दुनिया में कॉटन, जुट और सिल्क के बड़े उत्पादकों में से एक है. लाखों किसान इस काम में जुटे हैं। सरकार आज लाखों कॉटन किसानों की मदद कर रही है, उनसे लाखों क्विंटल कॉटन खरीद रही है। सरकार ने जो कस्तूरी कॉटन लॉन्च किया है, वो भारत की अपनी पहचान बनाने की ओर एक बड़ा कदम होने वाला है। देश को ग्लोबल हब बनाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि आज का यह आयोजन अपने आप में बहुत खास है क्योंकि यह एक साथ भारत के दो बड़े प्रदर्शन केंद्र भारत मंडपम और यशोभूमि में हो रहा है। आज 3000 से ज्यादा प्रदर्शक, करीब 100 देशों के खरीददार एक साथ इस आयोजन से जुड़े हैं। भारत ने आगामी 25 वर्षों में विकसित राष्ट्र का संकल्प लिया है। गरीब, यूवा, किसान और महिलाएं विकसित राष्ट्र के चार प्रमुख स्तंभ हैं और भारत का कपड़ा क्षेत्र इन चारों से जुड़ा है, इसलिए भारत टेक्स के आयोजन का महत्व बहुत बढ़ जाता है। विकसित भारत के निर्माण में कपड़ा क्षेत्र के योगदान को बढ़ाने के लिए हम बहुत विस्तृत दायरे में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने कारीगरों और बाज़ार के बीच की दूरी कम की है। देश में डायरेक्ट सेल, प्रदर्शनी और ऑनलाइन प्लैटफॉर्म की सुविधा बढ़ाई गई है। आने वाले समय में देश के अलग-अलग राज्यों में 7 PM मित्र पार्क बनाए जाएंगे, यह योजना आपके लिए बहुत बड़े अवसर लेकर आएगी। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में हम इस सेक्टर में स्केल के साथ-साथ स्किल पर भी बहुत जोर दे रहे हैं।