मादा चीता गामिनी ने कूनो नेशनल पार्क में दिया पांच शावकों को जन्म

 11 Mar 2024  69

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में कल दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इन शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। अब कूनो में 13 शावकों सहित चीतों की संख्या 26 हो गई है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट शेयर करके देश वासियों के साथ यह जानकारी साझा की है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स (X) पर फोटो साझा कर लिखा है कि हाई फाइव, कूनो, दक्षिण अफ्रीका के त्वालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता गामिनी (पांच) ने आज पांच शावकों को जन्म दिया है। इससे भारत में जन्मे शावकों की संख्या 13 हो गई है। यह भारतीय धरती पर चौथा चीता वंश है और दक्षिण अफ्रीका से लाया गया चीता का पहला वंश है। सभी को बधाई, विशेषकर वन अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ की टीम को। जिन्होंने चीतों के लिए तनाव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया है। जिससे सफल संभोग और शावकों का जन्म हुआ है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शावकों समेत चीतों की कुल संख्या 26 है। बता दें कि शावकों के पैदा होने की खबर से लोगों में ख़ुशी का माहौल है।