देश 2047 के रोडमैप पर काम कर रहा है : पीएम मोदी

 21 Mar 2024  308

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
विकास के रस्ते पर आगे बढ़ रहे देश के लिए नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘स्टार्टअप महाकुंभ’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश अब 2047 के विकसित भारत के रोड मैप पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में भारत ने आईटी और सॉफ्टवेयर सेक्टर में दुनियाभर में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि भारत ने स्टार्टअप सेक्टर में कई धारणाओं को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज, भारत में सभी क्षेत्रों में स्टार्टअप हैं। कृषि से लेकर अंतरिक्ष तक, हम हर जगह भारतीय स्टार्टअप पा सकते हैं। अंतरिक्ष क्षेत्र, जो कभी सरकार की गिरफ्त में था, वहां अब 50 से अधिक स्टार्टअप हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की क्षमता पूरी दुनिया देख रही है। उनकी क्षमताओं पर भरोसा करते हुए हमारी सरकार ने भी उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का फैसला किया, हमने लोगों की सोच बदल दी है।  नौकरी मांगने वाले युवा अब नौकरी देने वाले बन रहे हैं। पीएम मोदी ने  कहा कि 1.25 लाख से अधिक स्टार्टअप और 110 यूनिकॉर्न के साथ भारत दुनिया की तीसरी बड़ी स्टार्टअप पारिस्थितिकी के रूप में उभरा है और सही निर्णयों के साथ एक विकसित राष्ट्र बनने का रोडमैप तैयार कर रहा है। पीएम मोदी ने यहां ‘स्टार्टअप महाकुंभ’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की स्टार्टअप पारिस्थितिकी अब सिर्फ मेट्रो शहरों तक ही सीमित नहीं हैं, यह अब एक सामाजिक संस्कृति बन चुकी है। उन्होंने वादा किया कि वह अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप भारत की प्रगति में बड़ी भूमिका निभाएंगे। स्टार्टअप इंडिया पहल ने नवीन विचारों को मंच दिया और उद्यमियों और उद्यमों को वित्त पोषण से जोड़ा है। पीएम मोदी ने लोगों की बदलती मानसिकता पर कहा कि भारत के युवाओं ने नौकरी की तलाश करने के बजाय नौकरी देने वाला बनने का रास्ता चुना है। उन्होंने कहा कि 45 प्रतिशत से अधिक भारतीय स्टार्टअप की कमान महिलाओं के पास है। बता दें कि पीएम मोदी ने देश को लगातार विकास के रस्ते पर बढ़ाने का काम किया है।