कन्नड़ एक्टर संचारी विजय की सड़क दुर्घटना में मौत

 15 Jun 2021  683

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कन्नड़ फिल्मों के जाने माने अभिनेता की सड़क हादसे में मौत का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कन्नड़ अभिनेता संचारी विजय का आज निधन हो गया। वह शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। आज इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संचारी विजय का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उनके ब्रेन डेड होने की घोषणा की जिसके बाद उनके परिवार ने उनके अंगदान करने का फैसला लिया। विजय के भाई सिद्धेश ने बताया कि विजय के दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था इसलिए हमने उनके अंगदान करने का फैसला लिया। संचारी विजय हमेशा समाज की सेवा करने में विश्वास रखते थे और इसीलिए हम उनके अंगदान कर रहे हैं। विजय का शनिवार रात 11.45 बजे रोड ऐक्सिडेंट हुआ। वह बाइक पर पीछे बैठे थे और सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई।  विजय के सिर में काफी चोटें आई थीं जिसके बाद उनकी तुरंत ब्रेन सर्जरी भी की गई। संचारी को साल 2015 में आई फिल्म 'नानू अवनाल्ला अवालू' के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था। सोशल मीडिया पर संचारी विजय के फैंस और सितारे अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। फैंस और सितारे संचारी विजय के फोटोज संग अपनी यादें शेयर कर रहे हैं। वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स 14 जून को भी मनहूस बताते हुए कह रहे हैं कि बीते साल सुशांत सिंह राजपूत और इस साल संचारी विजय ने दुनिया को अलविदा कह दिया। अभिनेता की मौत के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर फ़ैल गई है।