बर्थडे पार्टी में बॉलीवुड एक्ट्रेस ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

 15 Jun 2021  1058

संवाददाता/in24 न्यूज़.
ड्रग्स मामले में बॉलीवुड लगातार शक के घेरे में रहा है।  मगर आज भी कई बॉलीवुड कलाकार इससे सबक नहीं ले पाए हैं। इसी कड़ी में मुंबई में एक बॉलीवुड अभिनेत्री को अपने जन्मदिन पर ड्रग्स के साथ पार्टी करना महंगा पड़ गया। पार्टी जब अपने शबाब पर थी, तभी पुलिस को किसी ने खुफिया तौर पर खबर दे दी। जिसके आधार पर पुलिस की टीम ने देर रात होटल में छापा मारा और अभिनेत्री को उसके दोस्त के साथ गिरफ्तार कर लिया। अभिनेत्री की पहचान नाइरा नेहल शाह के रूप में हुई है। मामला मुंबई के सांताक्रुज पुलिस थाना इलाके का है। जहां एक फाइव स्टार होटल में बॉलीवुड अभिनेत्री नेहल शाह अपना जन्मदिन मना रही थी। पुलिस ने रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात होटल में छापा मारकर इस मामले का खुलासा किया।  एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात करीब तीन बजे एक फाइव स्टार होटल में रेड की गई। वहां बॉलीवुड में छोटे रोल करने वाली अभिनेत्री और उसके साथी को ड्रग्स का सेवन करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। सांताक्रुज पुलिस ने इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सांताक्रुज पुलिस के वरिष्ठ अधिकरी ज्ञानेश्वर गनोरे को गुप्ता सूचना मिली थी कि एक बॉलीवुड अभिनेत्री पांच सितारा होटल में अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रही है। जिसमें ड्रग्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस की टीम फाइव स्टार होटल में पहुंची और बॉलीवुड एक्ट्रेस की पार्टी में छापा मारा। जहां वो अपने साथियों के साथ अपना जन्मदिन मना रही थी। पुलिस के मुताबिक, अभिनेत्री नेहल शाह होटल के एक रूम में चरस का इस्तेमाल भी कर रही थी। पुलिस ने फौरन पार्टी में मौजूद अभिनेत्री नेहल और उसके दोस्त आशिक हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वहां पर चरस ले रहे थे। सोमवार को दिन में सांताक्रुज पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उन दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। नाइरा नेहल शाह दो तेलगु फिल्मों में भी कामकर चुकी है। ऐसे में कहा जा सकता है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जिस तरह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ड्रग्स के खिलाफ जांच पड़ताल शुरू की और अनेक हस्तियों से पूछताछ की, उसके बाद भी ड्रग्स पार्टी का दौर बंद नहीं हो सका है।