नहीं रहा हिंदी फिल्मों का कोहिनूर : दिलीप कुमार ने कहा अलविदा

 07 Jul 2021  796
संवाददाता/in24 न्यूज़।

हिंदी फिल्मों का कोहिनूर आज हमेशा के लिए खो गया। तर्ज्दी किंग और दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का आज सुबह मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया है। वह कुछ दिनों से मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती थे। यही पर उन्होंने आखिरी सांस ली। दिलीप साहब के साथ उनकी पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो उनकी आखिरी सांस तक साथ रहीं। सायरा दिलीप कुमार का खास ख्याल रख रही थीं और फैंस से लगातार दुआ करने की अपील भी कर रही थीं। सांस लेने में तकलीफ होने के बाद पिछले बुधवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह एक महीने में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती हुए थे। दिलीप कुमार के निधन से फिल्म जगत समेत देशभर में शोक की लहर है। दिलीप कुमार को सबसे पहले 6 जून को अस्पताल लाया गया था और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। अभिनेता के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से 6 जून को किए गए पोस्ट में कहा गया था कि व्हॉट्सएप पर फॉरवर्ड किए जा रहे संदेशों पर विश्वास मत करें। साब स्थिर हैं। आपकी दुआओं और प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद. डॉक्टरों के अनुसार, वह 2-3 दिनों में घर आ जाएंगे। दिलीप कुमार को बॉलिवुड का ट्रेजिडी किंग का खिताब दिया गया था। उनकी पहली फिल्म 1944 में आई थी ज्वार भाटा उसके अलावा उन्होंने अपने करियर में शहीद, मेला, अंदाज, जोगन, बाबुल, दाग, आन, देवदास, आजाद, नया दौर, मधुमती, पैगाम, कोहिनूर, मुगल-ए-आजम, गंगा जमुना, राम और श्याम, आदमी, गोपी, क्रांति, शक्ति, विधाता, कर्मा और सौदागर जैसी एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में दी थीं। दिलीप कुमार के निधन से एक युग का अंत हो गया. आड़ पूरे देश में शोक की लहर है।  हर तरफ से इन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। in24 न्यूज़ परिवार की तरफ से इस महान अदाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि!