बॉक्स ऑफिस पर भी छायें सचिन तेंदुलकर

 29 May 2017  1550

ब्यूरो रिपोर्ट /in 24 न्यूज़, मुंबई

सचिन तेंदुलकर को यूं ही मास्टर ब्लास्टर नहीं कहा जाता। जब वो क्रिकेट के मैदान में थे तब रनों का अम्बार लगा कर साबित कर दिया था कि दुनिया में उनके मुकाबले का कोई नहीं है और अब जब उनके जीवन पर फिल्म आई है तो उसने पहले वीकेंड में भी बेहतरीन कमाई कर ली है।जी हां , सचिन के जीवन पर बना डाक्यू-ड्रामा ' सचिन - अ बिलियन ड्रीम्स ' , जिसने आठ करोड़ 40 लाख रुपए के साथ ओपनिंग ली थी , पहले वीकेंड में दर्शकों के दिलों में घर कर गया है। फिल्म ने शनिवार को 9 करोड़ 20 लाख और रविवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ 25 लाख रुपए का कलेक्शन किया है।

फिल्म का कुल वीकेंड नेट इंडिया कलेक्शन 27 करोड़ 85 लाख रूपये है और ट्रेड पंडितों ने इस शानदार कलेक्शन माना है। इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि ये डाक्यू-ड्रामा फिल्मी कैटेगरी में नहीं आता और पिछले शुक्रवार को पिरेट्स ऑफ़ द कैरेबियन जैसी हॉलीवुड की बड़ी फिल्म रिलीज़ हुई है। ऐसे में सचिन का इतना अच्छा कलेक्शन , उनकी विशाल फैन- फॉलोविंग का सबूत भी है।

उधर, अर्जुन और श्रद्धा कपूर की फिल्म ' हाफ गर्लफ्रेंड' का दूसरे वीकेंड पर बहुत बुरा हाल रहा है। फिल्म ने पहले वीकेंड में 32 करोड़ चार लाख रूपये का बिजनस किया था और दूसरे वीकेंड पर फिल्म छह करोड़ 12 लाख रूपये ही कमा सकी। फिल्म का कुल नेट इंडिया कलेक्शन अब 55 करोड़ 31 लाख है।

इस बीच इरफ़ान स्टारर हिंदी मीडियम की स्थिति, हाफ गर्लफ्रेंड से अच्छी बनी हुई है। इस फिल्म ने पहले वीकेंड में 12 करोड़ 56 लाख रूपये का कलेक्शन किया था और दूसरे वीकेंड में 12 करोड़ 14 लाख रूपये का। फिल्म की अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई 37 करोड़ 35 लाख रूपये हो गई है।