शक्ति कपूर का 69वां जन्मदिन आज

 03 Sep 2021  555

संवाददाता/in24 न्यूज़
हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता शक्ति कपूर आज अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1958 को हुआ था। शक्ति कपूर ने स्नातक की पढ़ाई दिल्ली के मशहूर किरोरीमल कॉलेज से पूरी की। शक्ति कपूर ने अपने करियर की शुरुआत 1973 में प्रदर्शित अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म कहानी किस्मत की से की। धर्मेंद्र और रेखा की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म शक्ति को एक छोटी सी भूमिका निभाने का अवसर मिला, लेकिन दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में वह असफल रहे। अपने वजूद को तलाशते शक्ति कपूर फिल्म इंडस्ट्री में लगभग सात वर्ष तक संघर्ष करते रहे। इस दौरान उनकी दो जासूस, संग्राम, खेल किस्मत का, दरवाजा, दिल से मिले दिल जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं।  इन फिल्मों के बाद शक्ति कुछ हद तक अपनी पहचान बनाने में सफल भी रहे। शक्ति कपूर की किस्मत का सितारा 1980 में प्रदर्शित फिल्म कुर्बानी से चमका। मारधाड़ और नाच गाने से भरपूर इस फिल्म में शक्ति कपूर ने मुख्य खलनायक की भूमिका निभाई। बेहतरीन गीत-संगीत और अभिनय से सजी फिरोज खान निर्मित इस फिल्म की जबर्दस्त कामयाबी ने शक्ति कपूर को बतौर खलनायक फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित कर दिया। 1981 शक्ति कपूर के फ़िल्मी करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उन्हें सुनील दत्त के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म रॉकी में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उनपर फिल्माया यह गीत "आ देखें जरा किसमें कितना है दम" दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसी वर्ष उन्हें मनमोहन देसाई के बैनर तले बनी फिल्म सुपरहिट नसीब में भी काम करने का अवसर मिला। 1982 में शक्ति कपूर के फ़िल्मी करियर की एक और सुपरहिट फिल्म "सत्ते पे सत्ता" प्रदर्शित हुई। सात भाइयों की कहानी पर आधारित इस फिल्म में उन्होंने एक भाई की भूमिका निभाई। इस फिल्म में शक्ति कपूर ने अपने हास्य अभिनय से दर्शकों को हंसाते-हंसाते लोटपोट कर दिया। उसके बाद 1989 में प्रदर्शित फिल्म "चालबाज" शक्ति कपूर के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में एक है। पंकज पराशर के निर्देशन में बनी यह फिल्म यूं तो पूरी तरह अभिनेत्री श्रीदेवी पर आधारित थी, लेकिन इस फिल्म में शक्ति कपूर ने अपनी छोटी सी भूमिका से दर्शकों को खूब प्रभावित किया। इस फिल्म में उनका यह संवाद ‘मैं एक छोटा सा नन्हा सा प्यारा सा बच्चा हूं’ दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। 90 के दशक में शक्ति कपूर ने अपने अभिनय को एकरूपता से बचने और स्वयं को चरित्र अभिनेता के रूप में स्थापित करने के लिए अपनी भूमिकाओं में परिवर्तन भी किया। इस क्रम में 1994 में प्रदर्शित डेविड धवन की सुपरहिट फिल्म "राजा बाबू" में उन्होंने हास्य किरदार नंदू को रूपहले पर्दे पर साकार किया।फिल्म में अपने जबरदस्त हास्य अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित भी किए गए। 1994 में ही शक्ति कपूर के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म "अंदाज अपना अपना" प्रदर्शित हुई। राज कुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शक्ति कपूर के किरदार का नाम था क्राइम मास्टर गोगा। फिल्म में उन्होंने खलनायक की भूमिका कुछ इस तरह से निभाई जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। शक्ति कपूर के फ़िल्मी करियर में उनकी जोड़ी कादर खान के साथ काफी पसंद की गई। इन दोनों अभिनेताओं ने अब तक लगभग 100 फिल्मों में एक साथ काम किया है। शक्ति कपूर ने अपने सिने करियर में 500 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। शक्ति कपूर आज भी उसी जोशो खरोश के साथ फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और अब उनकी बेटी श्रद्धा कपूर ने भी बॉलीवुड में अहम् स्थान बना लिया है।