रजनीकांत की बेटी सौंदर्या ने किया सोशल मीडिया ऐप हूटे लॉन्च

 27 Oct 2021  764

संवाददाता/in24 न्यूज़.
मशहूर सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी सौंदर्या ने सोशल मीडिया ऐप हूटे लॉन्च किया है। यह एक वॉइस बेस्ड ऐप है। सौंदर्या और एम्टेक्स के सीईओ सनी पोकाला इस ऐप की को-फाउंडर हैं। ऐप लॉन्च करने के बाद रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर लिखा हूटे एक वॉइस आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो भारत की तरफ से दुनियाभर के लिए है। सफेद उल्लू की आवाज को हूटे कहा जाता है। इस ऐप की मदद से यूजर्स अपने विचारों को वॉइस नोट्स के जरिए शेयर कर पाएंगे। अपनी पोस्ट को बेहतर बनाने के लिए वे बैकग्राउंड म्यूजिक का भी इस्तेमाल कर पाएंगे। ऐप तमिल, हिंदी, तेलुगु, मराठी, मलयालम, कन्नड़, बंगाली और गुजराती समेत 8 भारतीय भाषाएं और 3 अंतरराष्ट्रीय भाषाएं सपोर्ट करता है। हूटे ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर फ्री इन्स्टॉल किया जा सकेगा। ऐप को जब इन्स्टॉल किया जाता है तब पहली बार इसे ओपन करने पर भारतीय या किसी इंटरनेशनल भाषा में से किसी एक को सेलेक्ट करने के लिए कहता है। बाद में यूजर को अकाउंट बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन करना होता है। ये ट्विटर, कू जैसे सोशल प्लेटफॉर्म की तरह है। जहां पर आप अपना अकाउंट बनाकर रजनीकांत, गौतम गंभीर जैसे सेलिब्रिटीज, न्यूज चैनल्स, राजनेताओं और फैन पेज को फॉलो कर पाएंगे। आप जिन्हें फॉलो करेंगे उनकी पोस्ट ऐप पर दिखेगी।हूटे ऐप से यूजर अधिकतम 60 सेकेंड्स का वॉइस नोट भेज सकता है। रिकॉर्डिंग पूरी हो जाने के बाद यूजर पोस्ट में एक कैप्शन, बैकग्राउंड म्यूजिक और एक इमेज जोड़ सकते हैं। आपको ढेर सारे म्यूजिक चुनने के ऑप्शन भी मिलेंगे। बैकग्राउंड म्यूजिक को इमोशन, पर्यावरण, नेचर, रिलीजन और नेटिव जैसी कैटेगरी में बांटा गया है। एक बार म्यूजिक चुनने के बाद आप इसका प्रिव्यू भी सुन पाएंगे। बाद में इसे शेयर कर सकते हैं। पोस्ट का कैप्शन 120 या उससे कम शब्दों का होना चाहिए। यूजर्स प्रोफाइल आइकन पर टैप करके अपने हूटे पोस्ट को आसानी से डिलीट भी कर सकते हैं। फीड में आने वाले वॉइस नोट्स को यूजर्स आसानी से प्ले व पॉज कर सकते हैं। रजनीकांत ने कहा कि लोग अब अपने विचारों और शुभकामनाओं को अपनी आवाज के जरिए एक्सप्रेस कर पाएंगे। बिल्कुल उसी तरह जैसे कि वह अपनी पसंद की भाषा में लिखते हैं। सौंदर्या ने कहा कि उन्होंने इसके लिए हूटे नाम चुना जो सफेद उल्लू द्वारा निकाली गई आवाज है। इस आवाज को शुभ माना जाता है। ऐप के पीछे की प्रेरणा पिता रजनीकांत की आवाज थी। वे हूटे को भारत से लेकर दुनिया तक एक वॉइस बेस्ड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाना चाहती हैं। किसी कॉम्पिटिशन का इरादा नहीं। बता दें कि रजनीकांत के फैंस इस सोशल मीडिया ऐप हूटे से जमकर जुड़ेंगे।