28 दिन बाद आर्यन खान की जेल से घर लौटने की मन्नत हुई पूरी

 30 Oct 2021  753

संवाददाता/in24 न्यूज़.
28 दिनों बाद आज शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की घर वापस आने की मन्नत पूरी हुई है। मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज में चल रही रेव पार्टी और ड्रग मामले में तीन हफ्तों से मुंबई की आर्थर रोड जेल  में आर्यन खान बंद थे। हालांकि आर्यन खान को बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार को ही जमानत दे दी थी। जेल से निकलने के बाद शाहरुख खान के बॉडीगार्ड रवि सिंह आर्यन खान को मन्नत साथ ले गए। आर्थर रोड जेल से निकलने के बाद वह सीधे मन्नत पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में उनके फैंस मौजूद थे। गौरतलब है कि बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को जमानत के कागजात सही समय पर जेल में नहीं पहुंचने पर उन्हें रिहा नहीं किया जा सका। उधर शनिवार सुबह जेल अधिकारियों ने जमानत आदेश लेने के लिए करीब साढ़े पांच बजे आर्थर रोड जेल के बाहर जमानत की पेटी खोली। बता दें कि आर्यन खान के जमानत आदेश की कॉपी पेटी के अंदर रखी गई थी। आर्यन को 2 अक्टूबर को एनसीबी ने हिरासत में लिया था इस तरह से वह 28वें दिन बाद जेल से बाहर आए हैं।  बता दें कि क्रूज पर मादक पदार्थ मिलने के आरोप में गिरफ्तारी के 25 दिन बाद हाईकोर्ट ने आर्यन को जमानत दी थी। इस संबंध में शुक्रवार शाम को एक विशेष अदालत ने आर्यन के लिए रिहाई मेमो जारी किया, लेकिन उनके वकील तय समय के अंदर कागजात जेल अधिकारियों तक नहीं पहुंचा सके। बॉम्बे हाईकोर्ट ने आर्यन की जमानत के लिए 14 शर्तें लागू की हैं जिनमें एक लाख रुपए के निजी मुचलके का भुगतान और यहां एनसीबी दफ्तर में हर सप्ताह हाजिरी लगाना शामिल है। आर्यन खान की जमानत के लिए अभिनेत्री जूही चावला विशेष अदालत में उनके वकील सतीश मानशिंदे समेत अन्य वकीलों के साथ पहुंचीं थीं। उन्होंने जमानत संबंधी और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा किए। वह विशेष न्यायाधीश वी वी पाटिल के समक्ष पेश हुईं। जूही ने सत्यापन के लिए अपना आधार कार्ड दिया। जब जूही न्यायाधीश के समक्ष खड़ी थीं तो मानशिंदे ने अदालत को बताया कि अभिनेत्री आवेदक (आर्यन खान) को बचपन से जानती हैं और वह तथा आर्यन के पिता शाहरुख खान व्यावसायिक रूप से जुड़े हैं। अदालत ने सत्यापन के बाद जमानत को स्वीकार कर लिया जिसके बाद चावला को जरूरी दस्तावेजों पर दस्तखत करने के लिए अदालत के रजिस्ट्री विभाग जाने को कहा गया। जूही ने कागजों पर हस्ताक्षर किए जिसके बाद उन्हें वापस अदालत भेजा गया जहां जज ने जमानत बांड पर दस्तखत किए और रिहाई मेमो जारी किया। अदालत परिसर से निकलते हुए जूही चावला ने मीडिया से कहा कि परिवार में अब सुकून है। हम सभी खुश हैं। अब बच्चा घर आ जाएगा। बता दें कि अब आर्यन अपने परिवार के साथ मन्नत में लौट चुके हैं।