कंगना रनौत के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग

 13 Nov 2021  528

संवाददाता/in24 न्यूज़।
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ राजस्थान में उदयपुर सहित सभी जिलों में महिला कांग्रेस ने शिकायत दर्ज कराई है और कंगना के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किए जाने की अपील की है। उदयपुर में कंगना के खिलाफ सुखेर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले को अनुसंधान में रखा गया है। कंगना के बयान पर सियासत अब गरमा गई है। जिसको लेकर प्रदेश भर में महिला कांग्रेस ने कंगना के खिलाफ हर जिला मुख्यालय पर देशद्रोह की शिकायत दर्ज कराई है। महिला कांग्रेस ने हर जिले में अपने-अपने जिलाध्यक्ष को आदेश देकर कंगना के खिलाफ एफआईआर कराने को कहा। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा कि भीख में आजादी नहीं, बल्कि वीर सावरकर को माफी मिली थी। भीख में ही कंगना को पदमश्री मिला है। उन्होंने कहा कि कंगना के बयान से देशवासियों को धक्का पहुंचा है। देश की आजादी हमें लंबे संघर्ष से मिली है। इसके लिए कितने लोगों ने कुर्बानी दी यह सभी को मालूम है। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज का कहना है कि कंगना ने इस बयान से लाखों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और संविधान का अपमान किया है। यह देशद्रोह की श्रेणी में आता है। उनके ऊपर आपराधिक मुकदमे दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करनी चाहिए। साथ ही, सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि दो दिन पहले कंगना ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा था कि, जो आजादी मिली है वो भीख में मिली है, असल आजादी तो 2014 में मिली है। उदयपुर में देहात कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा चोरड़िया ने सुखेर थाने में कंगना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सीमा ने कहा कि कंगना देश में आजादी से घूम रही है, वो स्वतंत्रता सेनानियों की देन है। उधर, चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय की कोतवाली में पार्षद व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष नीतु कंवर भाटी ने भी कंगना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। भाटी ने कहा कि कंगना ने देश के शहीदों को अपमानित किया है। कंगना का बयान प्रत्येक भारतीय नागरिक का अपमान ही नहीं, बल्कि भारत के संविधान के प्रति असम्मान का आचरण है। उसका यह कृत्य देशद्रोह की श्रेणी में आता है। इसी तरह प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर महिला कांग्रेस की ओर से अभिनेत्री कंगना खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी मिली है।जोधपुर संवाद सूत्र के मुताबिक, जोधपुर में महिला कांग्रेस कंगना के विरोध में उतर आई है। महिला कांग्रेस ने कंगना के बयान को देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला बताया गया है। शहर जिला महिला कांग्रेस कमेटी की तरफ से शास्त्रीनगर थाने में कंगना के खिलाफ आइटी एक्ट में केस दर्ज की मांग करने के साथ ही शिकायतनुमा ज्ञापन पुलिस को दिया गया है। फिलहाल, केस दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस ने इस शिकायतनुमा ज्ञापन को जांच में रखा है। उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देश पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। शहर जिला महिला कांग्रेस कमेटी और विधायक शहर मनीषा पंवार सहित कई महिला कार्यकर्ता शास्त्रीनगर थाने पहुंची। उन्होंने समाचार पत्रों में छपे कंगना के उस कथन की निंदा की, जिसमें उसने कहा था कि 15 अगस्त, 1947 को भारत आजाद नहीं बल्कि उसे आजादी भीख में मिली। कंगना ने अपने कथन में कई महापुरुषों का भी अपमान किया। शिकायतनुमा ज्ञापन में बताया कि कंगना के इस कथन से भारतीय संविधान का अपमान किया गया है। संविधान का असम्मान आचरण किया है। उसकी संविधान के प्रति अनास्था झलकती है। उसने राष्ट्रप्रेम के बजाय द्वेष की भावना पैदा की है। महिला कांग्रेस ने शास्त्रीनगर थाने में इस बारे में एफआइआर दर्ज करने को कहा है। पुलिस के मुताबिक़, शिकायतनुमा ज्ञापन मिला है। उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की जा सकेगी। अभी इसे जांच में रखा गया है। कंगना ने 10 नवंबर को बयान दिया था। जिसमें भारत को बयान को लेकर उसका जोरदार विरोध शुरू है।