जन्मदिन से पहले सांप ने दी सलमान खान को नई ज़िंदगी

 27 Dec 2021  648

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज बॉलीवुड के दबंग सलमान खान अपना जन्मदिन मना रहे हैं। हालांकि बर्थडे से एक दिन पहले सलमान को सांप ने काट लिया। जैसे ही सांप काटने की खबर सोशल मीडिया पर फैली तो फैंस चिंतित हो गए। सलमान को इलाज के लिए अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा। राहत की बात यह रही कि कुछ घंटे अस्पताल में रहने के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई और अब वह पूरी तरह से ठीक हैं। अब सलमान ने खुद बताया कि उन्हें सांप ने कैसे काटा और उस वक्त क्या हुआ था। सलमान ने एक बयान देते हुए सांप काटने वाली घटना के बारे में बताया। सलमान ने एक बयान में कहा कि उनके फार्म हाउस के अंदर सांप घुस आया था। उन्होंने बताया कि मैंने लकड़ी के सहारे उसे दूर फेंकने की कोशिश की लेकिन इतने में ही वो मेरे हाथ पर चढ़ गया। ऐसे में मैंने सांप को बाहर छोड़कर आने के लिए दूसरे हाथ में ले लिया तो उसने मुझे तीन बार डंस लिया। वह एक तरह का जहरीला सांप था। मैं 6 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहा और अब मैं ठीक हूं। सलमान से पहले उनके पिता सलीम खान ने एक इंटरव्यू में बेटे की सेहत पर बात करते हुए फैंस को आश्वासन दिया कि सलमान अब पूरी तरह से ठीक हैं। सलीम खान ने कहा कि सलमान ठीक हैं। चिंता करने की कोई बात नहीं है। यह सब बहुत सुबह हुआ था, लेकिन अब वह ठीक हैं। यह एक सांप जहरीला नहीं था और इन जीवों को जंगल के आसपास पाया जाना काफी सहज है। सलमान ने अपनी बर्थडे पार्टी को पनवेल स्थित अपने फार्म हाउस पर होस्ट किया। बता दें कि 27 दिसंबर को सलमान के साथ उनकी भांजी आयत का भी जन्मदिन होता है। ऐसे में फार्म हाउस में हुई खूबसूरत सजावट में दोनों के नाम दिखाई दिए। पार्टी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें सलमान आयत के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं। फिल्म लेखक मुश्ताक शेख ने पार्टी की आलीशान सजावट की एक क्लिप शेयर की। आयत सलमान खान की बहन अर्पिता और आयुष शर्मा की छोटी बेटी हैं। सलमान खान के बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान फैंस उनके फार्म हाउस के बाहर जमा थे। सलमान बाहर निकले और उन्होंने मीडिया और फोटोग्राफर्स से बातचीत की। सलमान ने फैंस के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सलमान के जन्मदिन के मौके पर कुछ फैंस फार्म हाउस के बाहर जमा हो गए थे। सलमान से इनसे मुलाकात की। इस जन्मदिन पर सलमान खान को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।