महाराष्ट्र में टैक्स फ्री हुई फिल्म तानाजी- द अनसंग वॉरियर

 23 Jan 2020  853
संवाददाता/in24 न्यूज़। 
अजय देवगन की फिल्म तानाजी का बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाका दिखाई दे रहा है.फ़िल्म तानाजी- द अनसंग वॉरियर अब महाराष्ट्र में भी टैक्स फ्री कर दी गयी है.इससे पहले फ़िल्म उत्तर प्रदेश और हरियाणा में टैक्स फ्री की जा चुकी है। महाराष्ट्र के लिए तानाजी की अहमियत अलग ही है। फ़िल्म मराठा योद्धा तानाजी मालुसरे पर आधारित है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना में सूबेदार थे। तानाजी ने सामरिक दृष्टि से अहम कोंढाणा के किले को मुगलों के क़ब्ज़े से छुड़ाने में अहम भूमिका निभायी थी। फ़िल्म का निर्दशन ओम राउत ने किया है। तानाजी 2 डी के साथ 3 डी में भी बनायी गयी है। फ़िल्म में सैफ़ अली ख़ान ने मुगल सेना के लड़ाके उदय भान का रोल निभाया है, जबकि काजोल तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई के किरदार में हैं.अजय ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे का शुक्रिया अदा किया है।महाराष्ट्र में तानाजी को टैक्स फ्री करने के मामले ने पॉलिटिकल एंगल ले लिया था, जब पूर्व सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने प्रदेश में इसे कर मुक्त करने की मांग मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से की थी। महाराष्ट्र सीएम के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जानकारी दी गयी है कि मंत्रीमंडल ने फ़िल्म को जीएसटी से मुक्त करने के लिए स्वीकृति दे दी है।फ़िल्म की क्रिटिक्स ने भी ख़ूब सराहना की। विषय को देखते हुए इसे हिंदी के अलावा मराठी भाषा में भी रिलीज़ किया गया। ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो तानाजी ने महाराष्ट्र में बेहतरीन कमाई की है। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 200 करोड़ के नज़दीक पहुंच रही तानाजी ने सिर्फ़ मुंबई से 55 करोड़ से अधिक कमाये हैं। यह अजय देवगन के करियर का बेस्ट कलेक्शन है। दिल्ली और यूपी टेरिटरी से फ़िल्म को 15 करोड़ से अधिक मिले हैं। बाक़ी प्रमुख सिनेमाई बाज़ारों में फ़िल्म के कलेक्शंस 10 करोड़ से कम रहे हैं। अजय देवगन ने तानाजी को टैक्स फ्री घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का शुक्रिया अदा किया है।