पूनम ढिल्लों का 58वां जन्मदिन आज

 18 Apr 2020  818

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकाराओं में से एक पूनम ढिल्लों का आज जन्मदिन है. आज वे अपना 58वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 18 अप्रैल 1962 को कानपुर में एक जाट परिवार में हुआ था। साल 1977 में वह महज 17 साल की उम्र में उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता था। पूनम ढिल्लों की गिनती एक वक्त बॉलीवुड की सबसे ग्लैमरस एक्ट्रेस में हुआ करती थीं। पूनम ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। उन्हें बॉलीवुड में पहला ब्रेक यश चोपड़ा की फिल्म त्रिशूल से मिला था। इस फिल्म में उनके साथ सचिन पिलगांवकर थे। त्रिशूल के बाद पूनम ढिल्लों ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने नूरी जैसी लाजवाब फिल्म में काम किया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस के तौर पर नॉमिनेट भी किया गया। पूनम ढिल्लों और राजेश खन्ना की जोड़ी एक वक्त काफी हिट थी। पूनम ने अपनी पहली ही फिल्म में स्विमसूट पहना था। उस वक्त वह 16 साल की थीं। इसके बाद वह अमिताभ बच्चन के साथ गिरफ्तार फिल्म में नजर आई थीं। इस फिल्म में भी उन्होंने स्विमसूट पहना हुआ था। पूनम ढिल्लों ने क्रिकेटर संदीप पाटिल के साथ भी कभी अजनबी थे फिल्म में साथ काम किया था। इस फिल्म में टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर सईद किरमानी विलेन के किरदार में थे। पर्सनल लाइफ की बात करें तो पूनम ढिल्लों रमेश सिप्पी और राज तलवार से करीबी के कारण काफी चर्चा में रही थीं। उनसे कई लोग शादी करना चाहते थे। पूनम ने पिता के निधन के बाद अशोक ठाकरिया से शादी कर ली थी। शादी के बाद पूनम फिल्मों से दूर चली गई थीं। पूनम ने कई साल बाद फिल्मों में वापसी की थी। इससे पूनम और उनके पति के बीच दूरियां आ गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के रिश्तों के बीच काफी असुरक्षा की भावना आ गई थी। अंततः दोनों का तलाक हो गया था। अब वे अपने बच्चों के साथ अलग रहती हैं।