49 साल के हुए आदित्य चोपड़ा

 21 May 2020  879

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
दिवंगतनिर्माता-निर्देशक यश चोपड़ा के फिल्ममेकर बेटे आदित्य चोपड़ा आज 49 साल के हो गए हैं। आदित्य चोपड़ा का जन्म 21 मई, 1971 को मुंबई में हुआ। आदित्य चोपड़ा निर्देशक, लेखक और निर्माता हैं। पिता से प्रेरित होकर उन्होंने भी फिल्मों को ही अपना करियर चुना और महज 18 साल की उम्र से ही वह अपने पिता यश चोपड़ा को फिल्मों में असिस्ट करने लगे। उन्होंने सहायक निर्देशक के तौर पर चांदनी, लम्हे, डर आदि फिल्मों में काम किया। आदित्य को पहली बार साल 1995 में फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे को निर्देशित करने का मौका मिला। यशराज बैनर तले बनी यह एक रोमांटिक फिल्म थी। इस फिल्म में शाहरुख खान और काजोल मुख्य भूमिका में थे। फिल्म दर्शकों को बहुत पसंद आई और यह सुपरहिट हुई। इस फिल्म के लिए आदित्य को जहां राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया, वहीं इस फिल्म ने 10 फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीते। इसके बाद आदित्य ने कई फिल्में निर्देशित की, जिसमें मोहब्बतें, रब ने बना दी जोड़ी, बेफिक्रे आदि शामिल हैं। वहीं बतौर फिल्म निर्माता उनकी प्रमुख फिल्मों में दिल तो पागल हैं, मेरे यार की शादी हैं, मुझसे दोस्ती करोगी, हम-तुम, वीर जारा, सलाम नमस्ते, बंटी और बबली, मर्दानी, जब तक हैं जान, वॉर आदि शामिल हैं। इनके अलावा आदित्य ने कई फिल्मों की पटकथा भी लिखी है, जिसमें परंपरा, आइना, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, दिल तो पागल है, वीर जारा, बंटी और बबली, दम लगाके हइसा आदि शामिल हैं। आदित्य ने अपनी शानदार फिल्मों और मेहनत की बदौलत फिल्म जगत में अपनी अलग और खास पहचान बनाई है। आदित्य चोपड़ा की आगामी फिल्मों में शमशेरा, बंटी और बबली 2 और पृथ्वीराज शामिल हैं। आदित्य चोपड़ा ने दो शादियां की हैं। उनकी पहली शादी उनके दोस्त पायल खन्ना से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता ज़्यादा नहीं चल पाया और साल 2009 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आदित्य चोपड़ा अभिनेत्री रानी मुखर्जी को अपना दिल दे बैठे और दोनों मीडिया से छुपते-छुपाते एक दूसरे को डेट करने लगे। 21 अप्रैल, 2014 को दोनों ने इटली में शादी कर ली। आदित्य और रानी की एक बेटी है, जिसका नाम आदिरा है।