अमिताभ और जया की शादी की 47वीं सालगिरह

 03 Jun 2020  731

संवाददाता/in24 न्यूज़.
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और जाया बच्चन आज अपनी शादी की 47वीं सालगिरह मना रहे हैं। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे बेमिसाल जोड़ियों में से एक मानी जाती है। 3 जून 1973 को दोनों शादी के बंधन में बध गए थे। इस मौके पर अमिताभ ने अपने इंस्टाग्राम पर शादी की कुछ तस्वीरें साझा कर एक दिलचस्प वाक्या भी शेयर किया है। अमिताभ की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है। अमिताभ बच्चन ने फोटो शेयर करते हुए लिखा है, '47 साल .. आज .. 3 जून, 1973 .. !! हमने तय किया था कि अगर जंजीर सफल होगी, तो हम कुछ दोस्तों के साथ पहली बार लंदन जाएंगे। मेरे पिता जी ने पूछा कि किसके साथ जा रहे हो? जब मैंने उन्हें बताया तो उन्होंने कहा कि तुम जाने से पहले उससे (जया बच्चन) शादी कर लो .. वरना तुम मत जाओ .. इसलिए .. मैंने उनकी बात मानी .. !!' अमिताभ बच्चन की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। फैंस जमकर महानायक को शादी की सालगिरह विश कर रहे हैं। फोटो को कुछ ही घंटों में 5 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। आप को बता दें कि बंसी बिरजू अमिताभ और जया की साथ में पहली फिल्म थी। ये फिल्म साल 1972 में रिलीज हुई थी। जया और अमिताभ की लव स्टोरी बहुत दिलचस्प है। सिमी गरेवाल के चैट शो रेनदेज़्वूस में अमिताभ ने अपनी और जया की पहली मुलाकात और लव स्टोरी के बारे में बताया था। बिग बी ने जया को पहली बार एक मैगजीन के कवर पेज पर देखा था। मैगजीन पर जया को देखते ही अमिताभ काफी इंप्रेस हुए थे। अमिताभ ने बताया कि वो हमेशा से ऐसी लड़की चाहते थे जो अंदर से ट्रेडिशनल और बाहर से मॉडर्न हो। जया बिल्कुल वैसी ही थीं। इसी वजह अमिताभ मन ही मन जया को पसंद करने लगे थे।इसके काफी समय बाद ऋषिकेश मुखर्जी फिल्म गुड्डी की स्क्रिप्ट लेकर अमिताभ के पास आए। गुड्डी के बाद दोनों ने फिल्म एक नजर में साथ काम किया। इस फिल्म के साथ ही दोनों की प्रेम कहानी शुरू हो चुकी थी। इसके बाद 3 जून 1973 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी में अमिताभ और जया के कुछ रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए थे। शादी बहुत ही सादगी भरे अंदाज में हुई थी।